लहसुन के छिलकों को अब केवल रसोई का कचरा मानकर फेंकना जरूरी नहीं होगा. भारतीय शोधकर्ताओं ने जैविक कचरे की मदद से बिजली पैदा करने वाली एक तकनीक का परीक्षण किया है. इसका इस्तेमाल कम बिजली खपत वाले सेंसर चलाने में किया जा सकता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह शोध जयपुर स्थित मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से जुड़े मानस तिवारी और दीपक भारती ने किया है. तकनीक में ट्राइबोइलेक्ट्रिक प्रभाव का इस्तेमाल होता है. इसमें दो अलग-अलग सतहों के संपर्क और घर्षण से इलेक्ट्रॉनों का आदान-प्रदान होता है, जिससे विद्युत आवेश पैदा होता है.

परीक्षण में पिसे हुए लहसुन के छिलकों को एक परत और प्लास्टिक शीट को दूसरी परत के रूप में इस्तेमाल किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, एक परत से करीब 210 वोल्ट और दो परतों से 400 वोल्ट तक का वोल्टेज दर्ज किया गया, हालांकि करंट बेहद कम था.

शोधकर्ताओं ने इस व्यवस्था से दरवाजे पर लगाए गए सुरक्षा सेंसर को बिना बैटरी चलाकर भी देखा. छह महीने तक रखे जाने और 200 बार इस्तेमाल के बाद भी सामग्री काम करती रही. तकनीक अभी शुरुआती चरण में है और इसके व्यावहारिक उपयोग से पहले आउटपुट बढ़ाने तथा दूसरे जैविक कचरे पर परीक्षण की जरूरत होगी.