जनरेटिव AI का बिना निगरानी इस्तेमाल छात्रों के होमवर्क के अंकों में सुधार कर सकता है, लेकिन इससे उनकी वास्तविक सीखने की प्रक्रिया और परीक्षा प्रदर्शन कमजोर पड़ सकता है. World Development Report 2026 में शामिल शोध के आधार पर यह चेतावनी दी गई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि ChatGPT जैसे टूल छात्रों के तर्क, लेखन और ज्ञान विकसित करने के लिए जरूरी मानसिक प्रयास को कम कर सकते हैं.
रिपोर्ट में सबसे प्रमुख साक्ष्य चीन के कक्षा VII से XII तक के छात्रों पर हुए एक अध्ययन से लिया गया है. अध्ययन के अनुसार, 2022 से 2025 के बीच छात्रों द्वारा AI के इस्तेमाल की स्वयं बताई गई दर लगभग शून्य से बढ़कर करीब 80% हो गई. AI का पहली बार इस्तेमाल करने के छह महीने बाद छात्रों के होमवर्क अंक 18% बढ़े, जबकि असाइनमेंट पर बिताया गया समय कम हुआ. इसी अवधि में कक्षा में होने वाली मासिक परीक्षाओं के अंक 20% घट गए.
AI का कभी भी इस्तेमाल कर चुके छात्रों ने वरिष्ठ माध्यमिक और कॉलेज प्रवेश परीक्षाओं में औसतन 5 से 7% कम अंक हासिल किए. हालांकि, रिपोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह अध्ययन अभी peer-reviewed नहीं है और AI अपनाने के शुरुआती दौर को दर्शाता है.
World Bank की रिपोर्ट तैयार करने वाली टीम का नेतृत्व करने वाले गौरव नैय्यर ने कहा कि अगर छात्र सीखने की प्रक्रिया ही AI को सौंप देते हैं, तो यह समस्या बन सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, AI से तैयार उत्तरों की गुणवत्ता बढ़ने के बावजूद छात्रों का संज्ञानात्मक प्रयास और तर्क क्षमता कमजोर पड़ सकती है. AI हटाए जाने के बाद उनका प्रदर्शन भी खराब पाया गया.
रिपोर्ट AI को शिक्षा से बाहर करने की सलाह नहीं देती. चीन, घाना, नाइजीरिया, तुर्किये और अमेरिका में हुए प्रयोगों के विश्लेषण के अनुसार, AI-आधारित ट्यूटरिंग के 30 सत्रों से कम-से-कम आधे साल की स्कूली शिक्षा के बराबर सीखने का लाभ मिला. यह लाभ खासकर तब दिखा, जब AI ने शिक्षकों का सहयोग किया और छात्रों को शॉर्टकट लेने से रोकने वाली सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी.
