Pew Research के एक वैश्विक सर्वे में शामिल ज्यादातर लोगों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को रोजगार के लिए संभावित खतरे के रूप में देखा है. सर्वे के मुताबिक, 37 में से 34 देशों में लोग यह मानने की ओर अधिक झुके कि अगले 20 वर्षों में AI नई नौकरियां पैदा करने के बजाय नौकरियों की संख्या घटा सकता है.

इस सर्वे में 42,151 लोगों को शामिल किया गया था. उनसे 8 फरवरी से 13 मई के बीच AI के नौकरियों, रोजमर्रा की जिंदगी और आय असमानता पर संभावित असर को लेकर सवाल पूछे गए.

नौकरी जाने की आशंका अपेक्षाकृत समृद्ध देशों में अधिक दर्ज की गई. ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया में 76-76 प्रतिशत लोगों ने AI से रोजगार घटने की आशंका जताई, जबकि अमेरिका में यह आंकड़ा 71 प्रतिशत रहा.

सर्वेक्षण का यह चरण हाल में सामने आई AI को लेकर गंभीर चेतावनियों से पहले किया गया था. इसलिए इसके नतीजे लोगों की उन चिंताओं को दर्शाते हैं जो मौजूदा बहस और चेतावनियों से पहले भी मौजूद थीं.