Google ने अपने SynthID सिस्टम के लिए SynthID Detector टूल को अपग्रेड किया है. कंपनी के अनुसार, यह टूल अब Google के मॉडल से आगे बढ़कर OpenAI, NVIDIA और Kakao से जुड़े AI-जनित या बदले गए चित्रों, वीडियो और ऑडियो में वॉटरमार्क तलाश सकता है. Apple के AI-जनित मीडिया को भी जल्द इसमें शामिल करने की बात कही गई है.
SynthID को Google ने 2023 में शुरू किया था. यह AI मॉडल से बनाई गई तस्वीरों, वीडियो और ऑडियो में ऐसा डिजिटल वॉटरमार्क जोड़ता है, जो सामान्य तौर पर इंसानी आंखों को दिखाई नहीं देता. Detector इसी वॉटरमार्क की मौजूदगी की जांच करता है और बताता है कि फाइल में SynthID वॉटरमार्क मिला या नहीं.
SynthID Detector का इस्तेमाल कैसे करें
उपयोगकर्ता synthid.com पर जाकर Google, Apple या ChatGPT अकाउंट से लॉग इन कर सकते हैं. इसके बाद मीडिया फाइल अपलोड करनी होगी. टूल जांच के बाद बताएगा कि उसमें SynthID वॉटरमार्क का पता चला है या नहीं और क्या वह सामग्री AI-जनित के रूप में चिह्नित है.
Google का कहना है कि उसने SynthID शुरू होने के बाद से 180 अरब से अधिक तस्वीरों और वीडियो तथा 2.4 लाख वर्षों के बराबर ऑडियो कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाया है. हालांकि, Detector सामान्य AI डिटेक्शन सिस्टम नहीं है. जिस AI सामग्री में SynthID वॉटरमार्क मौजूद नहीं होगा, उसे यह टूल AI-जनित के रूप में पहचान नहीं पाएगा.
