Grand Theft Auto यानी GTA फ्रेंचाइजी से जुड़े वीडियो YouTube पर 900 अरब से ज्यादा बार देखे जा चुके हैं. YouTube की Culture & Trends टीम की रिपोर्ट के अनुसार, GTA 6 की रिलीज से पहले ही इससे जुड़े वीडियो 40 अरब व्यूज का आंकड़ा पार कर चुके हैं. इनमें ट्रेलर, चर्चाएं, क्रिएटर्स के वीडियो और पुराने GTA गेम से जुड़ा कंटेंट शामिल है.

GTA 6 की रिलीज 19 नवंबर को प्रस्तावित है. इसकी लोकप्रियता केवल उन लोगों तक सीमित नहीं है, जो गेम खरीदकर खेलना चाहते हैं. बड़ी संख्या में दर्शक गेमप्ले, प्रतिक्रियाएं, क्लिप्स और इससे जुड़ी ऑनलाइन कहानियां देख रहे हैं. इससे संकेत मिलता है कि गेम अब सिर्फ खेलने का उत्पाद नहीं, बल्कि वीडियो और लाइवस्ट्रीम के लिए कंटेंट प्लेटफॉर्म भी बन चुका है.

Roleplay ने बदला गेमिंग कंटेंट का तरीका

GTA Roleplay यानी RP फॉर्मेट ने इस बदलाव में बड़ी भूमिका निभाई है. इसमें खिलाड़ी अपने लिए कोई किरदार चुनते हैं और गेम की दुनिया में उसी भूमिका के अनुसार फैसले लेते हैं. कोई पुलिस अधिकारी, कारोबारी या आम नागरिक बन सकता है, जबकि दूसरे खिलाड़ी भी अपने किरदारों के साथ उसी वर्चुअल दुनिया में शामिल होते हैं.

इन कहानियों की स्क्रिप्ट पहले से तय नहीं होती. खिलाड़ियों की बातचीत, फैसलों और आपसी घटनाओं से कहानी आगे बढ़ती है. YouTube की रिपोर्ट के मुताबिक, GTA Roleplay वीडियो को अब तक 8 अरब से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. 2025 में ऐसे वीडियो अपलोड होने की संख्या 17 लाख तक पहुंच गई, जो रिपोर्ट में दर्ज अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है.

भारत में S8UL का Soulcity GTA V पर आधारित Roleplay सर्वर है. यहां कई क्रिएटर्स साझा वर्चुअल शहर में अपने किरदारों के साथ कहानियां बनाते हैं. S8UL के CEO और को-फाउंडर अनिमेश अग्रवाल के मुताबिक, Soulcity ने दिखाया है कि कोई गेम अपने आप में एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म बन सकता है. S8UL के क्रिएटर अर्पित वाधवान, जिन्हें 8Bit HeadFlicker के नाम से जाना जाता है, का कहना है कि RP में मिशन और खिलाड़ी की स्किल के साथ कहानी और किरदार भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं.

भारतीय क्रिएटर्स के लिए नए अवसर

GTA 6 के लॉन्च के मौके पर YouTube 19 नवंबर से 24 घंटे की ग्लोबल लाइवस्ट्रीम आयोजित करेगा. इसमें गेमप्ले, क्रिएटर पॉडकास्ट और अन्य कार्यक्रम शामिल होंगे. रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय गेमिंग क्रिएटर Payal Dhare यानी Payal Gaming भी इसका हिस्सा होंगी.

NODWIN Gaming के को-फाउंडर अक्षत राठी के मुताबिक, GTA भारतीय गेमिंग संस्कृति का हिस्सा रहा है और भविष्य में किसी भारतीय क्रिएटर के दुनिया के शीर्ष GTA 6 कंटेंट क्रिएटर्स में शामिल होने की संभावना है. हालांकि, शुरुआत में GTA 6 केवल PlayStation 5 और Xbox Series X|S के लिए उपलब्ध होगा. Rockstar ने PC संस्करण की रिलीज तारीख घोषित नहीं की है.

गेमिंग कंपनियों और क्रिएटर्स के प्रतिनिधियों का मानना है कि बड़े लॉन्च से कंसोल, PC हार्डवेयर, स्ट्रीमिंग और वीडियो एडिटिंग उपकरणों की मांग बढ़ सकती है. हालांकि, इसका वास्तविक असर गेम रिलीज होने के बाद दर्शकों, क्रिएटर्स और नए कंटेंट फॉर्मेट की प्रतिक्रिया से स्पष्ट होगा.