समुद्र के भीतर मौजूद छोटे ज्वालामुखी भी बड़े सुनामी जोखिम का कारण बन सकते हैं. 2022 में टोंगा के पास हुए हंगा ज्वालामुखी विस्फोट के बाद समुद्र तल की तस्वीरों के अध्ययन से इसके कैल्डेरा के तेज धंसने की नई जानकारी सामने आई है.
अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ताओं की टीम ने विस्फोट से पहले और बाद की समुद्र तल की स्थलाकृति की तुलना की. इसके अनुसार करीब चार किलोमीटर चौड़ा कैल्डेरा विस्फोट के दौरान लगभग एक किलोमीटर नीचे धंस गया. कैल्डेरा उस क्षेत्र को कहा जाता है, जो मैग्मा भंडार से मैग्मा निकलने के बाद ऊपर की जमीन के बैठने से बनता है.
शोधकर्ताओं के अनुसार, हंगा विस्फोट में यह तेज धंसाव शक्तिशाली सुनामी को बढ़ाने वाले कारकों में शामिल हो सकता है. हालांकि समुद्र के भीतर ज्वालामुखीय गतिविधि किन परिस्थितियों में सुनामी पैदा करती है, इसे वैज्ञानिक अभी पूरी तरह नहीं समझ पाए हैं.
समुद्र में ज्वालामुखियों का खतरा उनकी गहराई और पानी के दबाव पर भी निर्भर करता है. गहरे पानी में अधिक दबाव विस्फोटक गतिविधि को सीमित कर सकता है, जबकि सतह के नजदीक कम दबाव और अत्यधिक गर्म ज्वालामुखीय पदार्थ हिंसक विस्फोट का कारण बन सकते हैं.
1883 में इंडोनेशिया के क्राकाटोआ विस्फोट के बाद आई सुनामी में 30,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी. यह उदाहरण दिखाता है कि समुद्री ज्वालामुखियों से खतरा केवल राख और मलबे तक सीमित नहीं होता.
