‘द हंगर गेम्स: सनराइज ऑन द रीपिंग’ के निर्देशक फ्रांसिस लॉरेंस और निर्माता नीना जैकबसन ने न्यूयॉर्क में आयोजित एक फिल्ममेकर प्रस्तुति के दौरान फिल्म के शुरुआती 20 मिनट और कुछ अहम दृश्य दिखाए. फुटेज से संकेत मिला कि यह फिल्म सुज़ैन कॉलिन्स के उपन्यास की शुरुआती घटनाओं को काफी नजदीकी से पर्दे पर उतार रही है.

कहानी की शुरुआत हैमिच के जन्मदिन से

फिल्म की शुरुआत युवा हैमिच एबरनेथी के जन्मदिन से होती है. उसी दिन डिस्ट्रिक्ट 12 में रीपिंग यानी नए प्रतिभागियों के चयन की प्रक्रिया होनी है. जोसेफ ज़ाडा का हैमिच पुराने फिल्मों में वुडी हैरेलसन के निभाए गए थके हुए और कटु किरदार से काफी अलग नजर आता है. वह शुरुआत में मिलनसार, दयालु और उम्मीद से भरा हुआ है.

हैमिच की मुलाकात लेनोर डव से भी होती है, जिसका किरदार व्हिटनी पीक ने निभाया है. दोनों कैपिटल और हंगर गेम्स को लेकर अलग-अलग नजरिया रखते हैं. हैमिच को लगता है कि कैपिटल का नियंत्रण और खेलों का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि लेनोर प्रतिरोध और कैपिटल की तानाशाही से मुक्त भविष्य की उम्मीद करती है.

रीपिंग के दौरान पीसमेकरों की हिंसक कार्रवाई के कारण समारोह के एक हिस्से को दोबारा मंचित करना पड़ता है. इस घटनाक्रम में कैपिटल की प्रचार व्यवस्था और उसके पीछे काम करने वाली मशीनरी पर भी ध्यान दिया गया है. ग्लेन क्लोज़ की डॉ. ड्रुसिला सिक्ल और जेसी प्लेमन्स का प्लूटार्क हेवन्सबी इस हिस्से में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

कैपिटल के प्रचार तंत्र की नई परत

फिल्म में कियरन कल्किन युवा सीज़र फ्लिकरमैन के रूप में दिखाई देते हैं. प्रस्तुति में दिखाए गए दृश्य उसके पर्दे के पीछे के कामकाज पर केंद्रित थे. वह प्रतिभागियों से पहली मुलाकात के दौरान सही तस्वीर और कैपिटल की छवि को लेकर बेहद कठोर और असंवेदनशील नजर आता है.

दूसरे क्वार्टर क्वेल की शुरुआत में एली फैनिंग की एफी ट्रिंकेट, हैमिच को खेलों के लिए तैयार करती है. अखाड़ा हरे मैदानों, फूलों, खरगोशों और तितलियों से सुंदर दिखता है, लेकिन कॉर्नुकोपिया के पास पहुंचते ही दृश्य हिंसक हो जाता है. हैमिच को कैरियर्स से बच निकलने के लिए संघर्ष करना पड़ता है.

‘द हंगर गेम्स: सनराइज ऑन द रीपिंग’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.