नई दिल्ली: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के 19वें वार्षिक ओपन हाउस में 500 से ज्यादा तकनीकी प्रस्तुतियां प्रदर्शित की गईं. शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली और कॉलेज छात्रों के साथ शिक्षक, शोधकर्ता, उद्योग प्रतिनिधि और आम लोग शामिल हुए.
प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, डिफेंस एंड स्पेस और सस्टेनेबिलिटी समेत 10 क्षेत्रों को शामिल किया गया. यहां 100 से अधिक वर्किंग मॉडल और प्रोटोटाइप, 225 से ज्यादा रिसर्च पोस्टर, 80 से अधिक लैब डेमोंस्ट्रेशन और 90 से ज्यादा शॉर्ट टॉक प्रस्तुत किए गए.
आयोजकों के अनुसार, करीब 3,000 स्कूली और कॉलेज छात्रों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इनके अलावा उद्योग, अकादमिक जगत और आम जनता से 1,500 से ज्यादा लोग पहुंचे. कार्यक्रम का उद्घाटन डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (DRDO) के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन सिस्टम्स के महानिदेशक डॉ. बिनय कुमार दास ने किया. उनका संबोधन ‘यंग माइंड्स, स्ट्रॉन्ग नेशन’ विषय पर केंद्रित था.
डॉ. दास ने छात्रों से जिज्ञासु बने रहने, विज्ञान में रुचि लेने और देश की प्रगति में योगदान देने की अपील की. उन्होंने विश्वविद्यालयों, उद्योगों और शोध संस्थानों के बीच सहयोग को स्वदेशी तकनीक विकसित करने के लिए जरूरी बताया.
IIT दिल्ली के कार्यवाहक निदेशक प्रो. अरविंद कुमार नेमा ने कहा कि ओपन हाउस कक्षा की पढ़ाई, शोध और उद्योग के बीच दूरी कम करने में मदद करता है. ओपन हाउस 2026 के अध्यक्ष प्रो. गुफरान सईद खान ने छात्रों, उद्योग और आम लोगों की भागीदारी पर संतोष जताया.
IIT दिल्ली के 1,200 के करीब छात्रों ने कार्यक्रम के आयोजन में मदद की. IIT दिल्ली एलुमनी एसोसिएशन के 43 पूर्व छात्रों ने 10 विषयों में प्रोजेक्ट और प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया तथा उत्कृष्ट प्रोजेक्ट के लिए रिसर्च एंड इनोवेशन अवॉर्ड्स में सहयोग दिया.
