इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी, भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल और आदित्य बिरला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला सहित उद्योग जगत के प्रमुख नेता कीनोट भाषण दे सकते हैं.
कार्यक्रम में टेलीकॉम और डिजिटल टेक्नोलॉजी से जुड़ी नई नीतियों, साझेदारी और निवेश के अवसरों पर घोषणाएं होने की संभावना है. 6G इस आयोजन के प्रमुख विषयों में शामिल है. वैश्विक विशेषज्ञ भारत में 6G की संभावनाओं, बुनियादी ढांचे और परीक्षण के लिए जरूरी इकोसिस्टम पर चर्चा करेंगे. AI और मशीन लर्निंग के लिए इकोसिस्टम भी चर्चा का हिस्सा रहेगा.
साइबर फ्रॉड और डीपफेक पर चर्चा
IMC से एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने GSMA बोर्ड के सदस्यों से मुलाकात की थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए लगातार अलर्ट संदेश भेजने वाली व्यवस्था और डीपफेक या AI-जनित सामग्री के मूल स्रोत की पहचान करने वाली प्रणाली विकसित करने की जरूरत बताई.
प्रधानमंत्री ने नई तकनीकों के लिए दुनिया भर में समान नियम बनाने पर भी जोर दिया. GSMA सदस्यों ने भारत में 4G और 5G के विस्तार तथा डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर की सराहना की और 5G, 6G, AI तथा सैटेलाइट इंटरनेट में सहयोग की इच्छा जताई.
