प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 का उद्घाटन करेंगे. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्यक्रम की जानकारी साझा की है. इस वर्ष होने वाला आयोजन IMC का 10वां संस्करण है. इसकी थीम ‘स्केल विदाउट बाउंड्रीज’ रखी गई है.
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में टेलीकॉम कंपनियों के साथ कई बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ शामिल होंगे. क्वालकॉम, GSMA, Ericsson, रिलायंस जियो, वोडाफोन-आइडिया, भारती एयरटेल और Intel की भागीदारी बताई गई है. SpaceX के Starlink बिजनेस ऑपरेशंस की वाइस प्रेसिडेंट लॉरेज ड्रेयर भी कार्यक्रम में शामिल होंगी.
कार्यक्रम में अगली पीढ़ी के नेटवर्क और 6G तकनीक से जुड़े पवेलियन लगाए जाएंगे. रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी और भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं चेयरमैन सुनील भारती मित्तल समेत उद्योग जगत के अन्य प्रमुख लोगों की भागीदारी भी प्रस्तावित है.
6G से सेमीकंडक्टर तक चर्चा
IMC 2026 में 6G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और सैटेलाइट कम्युनिकेशन पर चर्चा होगी. भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण की प्रक्रिया और इसके भविष्य को लेकर भी सत्र आयोजित किए जाएंगे.
आयोजन में स्टार्टअप पर भी विशेष फोकस रहेगा. ASPIRE कार्यक्रम के तहत डीप टेक और फ्रंटियर टेक्नोलॉजी पर काम कर रहे स्टार्टअप को प्रोटोटाइप चरण से आगे बढ़कर बाजार और निवेश के अवसर हासिल करने में मदद करने पर जोर दिया जाएगा.
इंडिया मोबाइल कांग्रेस का आयोजन दूरसंचार विभाग (DoT) और सेल्यूलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) मिलकर करते हैं.
