केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नियमन से जुड़ा एक परामर्श पत्र आने वाले हफ्तों में जारी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसमें विषय-विशेषज्ञों के साथ आम नागरिकों के सुझाव भी शामिल किए जाएंगे.
वैष्णव ने NDTV वर्ल्ड समिट 2026 में यह बात कही. उनका बयान ऐसे समय आया है, जब सरकार AI के उपयोग, संभावित जोखिमों और जवाबदेही से जुड़े ढांचे पर काम कर रही है.
टेक्नो-लीगल ढांचे पर जोर
सरकार पहले भी यह रुख रख चुकी है कि AI को केवल एक कानून बनाकर प्रभावी ढंग से नियंत्रित नहीं किया जा सकता. इसके लिए तकनीकी उपायों, मौजूदा कानूनी प्रावधानों, क्षेत्र-विशेष नियमों और संस्थागत तंत्र को साथ लेकर चलने वाले टेक्नो-लीगल मॉडल की जरूरत है.
अक्टूबर में वैष्णव ने कहा था कि प्रस्तावित परामर्श पत्र AI नियमन के ढांचे की बुनियाद बनेगा. उस समय सुरक्षा, मानवीय हित, कौशल विकास, समावेशन और नुकसान कम करने को प्रमुख फोकस क्षेत्र बताया गया था.
परामर्श पत्र जारी होने के बाद सरकार विभिन्न हितधारकों से राय ले सकती है. हालांकि, किसी अलग AI कानून का मसौदा कब आएगा या उसके प्रावधान क्या होंगे, इस पर अभी कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
