भारत ने ऐसा AI-सक्षम सैटेलाइट लॉन्च किया है, जो तस्वीरें और अन्य डेटा पृथ्वी पर भेजने से पहले उनका विश्लेषण अंतरिक्ष में ही कर सकता है. यह सैटेलाइट हैदराबाद की कंपनी TechMe2Space का MOI-1A है, जिसे SpaceX के Transporter-18 मिशन के जरिए रात 11:48 बजे लॉन्च किए जाने की जानकारी दी गई है.

कंपनी के अनुसार, सैटेलाइट में मौजूद AI अनावश्यक डेटा को अलग कर केवल उपयोगी जानकारी पृथ्वी पर भेज सकेगा. मौजूदा व्यवस्था में सैटेलाइट से मिला डेटा पहले पृथ्वी पर भेजा जाता है और उसके बाद उसकी जांच व विश्लेषण होता है. नई प्रणाली में शुरुआती छंटाई और प्रोसेसिंग कक्षा में ही की जा सकेगी.

उदाहरण के तौर पर, यदि सैटेलाइट 300 जीबी डेटा जुटाता है और उसमें केवल 5 जीबी जानकारी उपयोगी है, तो AI उस हिस्से की पहचान कर उसे ही पृथ्वी पर भेज सकता है. इससे डेटा ट्रांसफर में लगने वाला समय और खर्च कम होने की संभावना है.

कंपनी ने इसे भारत का पहला ऑर्बिटल कंप्यूटिंग सैटेलाइट बताया है. उसके दावे के अनुसार, अमेरिका, यूरोपीय संघ और चीन के बाद भारत ऐसी क्षमता विकसित करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है.

बाढ़ और निगरानी में संभावित उपयोग

इस तकनीक का इस्तेमाल बाढ़, जंगलों, फसलों, खनन क्षेत्रों और सीमा या भूमि निगरानी में किया जा सकता है. बाढ़ की स्थिति में सैटेलाइट तस्वीरों से पानी के फैलाव का आकलन कर केवल जरूरी तस्वीरें या विश्लेषणात्मक डेटा पृथ्वी पर भेजा जा सकेगा.

TechMe2Space ने 2028 तक अंतरिक्ष में डेटा सेंटर विकसित करने की योजना भी बताई है. इसके लिए लगभग 100-100 किलोग्राम वजनी अधिक क्षमता वाले सैटेलाइट भेजने की तैयारी है. इनमें बड़ी संख्या में ग्राफिक्स प्रोसेसर और करीब 100 टेराबाइट स्टोरेज रखने की योजना है. कई सैटेलाइट को जोड़कर अंतरिक्ष में ही बड़े पैमाने पर डेटा विश्लेषण करने का लक्ष्य रखा गया है.