भारत में जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (GenAI) का असर एंट्री-लेवल व्हाइट-कॉलर नौकरियों पर दिखने लगा है. विश्व बैंक की ‘द वर्ल्ड डेवलपमेंट रिपोर्ट 2026: द प्रॉमिस ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ के अनुसार, AI से आसानी से बदली जा सकने वाली और AI के साथ कम पूरक भूमिकाओं में जॉब पोस्टिंग घटी हैं. इसका सबसे अधिक असर शुरुआती स्तर के कर्मचारियों पर पड़ा है.

रिपोर्ट के मुताबिक, AI के संभावित विकल्प वाली कुछ व्हाइट-कॉलर भूमिकाओं में भारत में मासिक नौकरी विज्ञापन करीब 20% घटे. दक्षिण एशिया में ChatGPT लॉन्च होने के बाद कंपनियों की जॉब पोस्टिंग में 1.6% की गिरावट दर्ज की गई. बहुराष्ट्रीय कंपनियों और वैश्विक वैल्यू चेन से जुड़ी उनकी सहयोगी कंपनियों और सप्लायर्स पर यह असर अपेक्षाकृत ज्यादा रहा.

AI कौशल की मांग भी बढ़ी

विश्व बैंक के अनुसार, AI का प्रभाव सभी नौकरियों पर एक जैसा नहीं होगा. IT और ज्ञान-आधारित सेवाओं की कुछ भूमिकाएं स्वचालित हो सकती हैं, लेकिन कई एंट्री-लेवल नौकरियां AI के साथ मिलकर आगे भी बढ़ सकती हैं. प्रॉम्प्ट इंजीनियर और AI एथिक्स विशेषज्ञ जैसी नई भूमिकाओं के उभरने का भी उल्लेख रिपोर्ट में है.

रिपोर्ट में भारत के IT उद्योग और उच्च शिक्षा संस्थानों से ऐसे कौशल विकसित करने पर जोर देने को कहा गया है, जिनसे कर्मचारी बदलती मांग के अनुसार अपनी भूमिका बदल और नए काम सीख सकें. इसमें अत्यधिक विशेषज्ञता पर निर्भरता से बचने की सलाह दी गई है.

रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की पहली छमाही में उच्च-आय वाले देशों में AI-कौशल वाली रिक्तियां मध्यम-आय वाले देशों की तुलना में पांच गुना से अधिक आम थीं. भारत मध्यम-आय वाले देशों में इस क्षेत्र के अग्रणी देशों में शामिल रहा.