नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में India Mobile Congress 2026 की 10वीं संस्करण की शुरुआत हो रही है. 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में 6G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सैटेलाइट कम्युनिकेशन और साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी तकनीकों पर मुख्य रूप से चर्चा और प्रदर्शन होगा. इस वर्ष आयोजन की थीम ‘Scale Without Boundaries’ यानी ‘अविरत विस्तार’ रखी गई है.

आयोजन से जुड़े विवरण के अनुसार, इसमें 100 देशों से 1.5 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. 400 से ज्यादा कंपनियां और 500 स्टार्टअप अपने उत्पाद और तकनीकी नवाचार पेश करेंगे. आयोजन का उद्देश्य नई तकनीकों को केवल प्रयोगशालाओं और शोध तक सीमित रखने के बजाय उनके व्यावहारिक इस्तेमाल और बाजार तक पहुंच पर चर्चा करना है.

चार प्रमुख हिस्सों में आयोजन

कार्यक्रम को चार हिस्सों में बांटा गया है. ‘सृष्टि’ खंड में 6G, AI-संचालित टेलीकॉम नेटवर्क, क्वांटम कम्युनिकेशन, सेमीकंडक्टर, AI चिप्स और क्लाउड कंप्यूटिंग पर फोकस रहेगा.

‘संवर्धन’ खंड में 5G से कमाई के नए मॉडल, मोबाइल फोन तक सीधे सैटेलाइट इंटरनेट पहुंचाने, टेलीकॉम उपकरण निर्माण, रोबोटिक्स और फैक्ट्रियों में ऑटोमेशन जैसे विषय शामिल हैं.

‘सशक्त’ खंड में ग्रीन टेलीकॉम नेटवर्क, ई-कचरा प्रबंधन, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल सुविधाओं के टिकाऊ विस्तार पर चर्चा होगी. वहीं ‘सुरक्षा’ खंड में साइबर हमलों, स्पैम, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा प्राइवेसी, AI के नियमन और समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा.