नई दिल्ली के यशोभूमि में India Mobile Congress (IMC) का 10वां संस्करण 7 अक्टूबर से शुरू होगा. चार दिवसीय यह आयोजन 10 अक्टूबर तक चलेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अक्टूबर को सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. इस साल आयोजन की थीम “Scale Without Boundaries” रखी गई है.

सम्मेलन का कार्यक्रम औपचारिक उद्घाटन से एक दिन पहले शुरू होगा. उद्घाटन दिवस यानी 7 अक्टूबर को SpaceX में Starlink Business Operations की वाइस प्रेसिडेंट लॉरेन ड्रेयर और जापान के आंतरिक मामलों एवं संचार मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप-मंत्री हिदेओ फुसेदा के संबोधन का कार्यक्रम है.

संचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी, दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल और C-DOT के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजकुमार उपाध्याय भी पहले दिन बोलने वाले प्रमुख वक्ताओं में शामिल हैं. Qualcomm, GSMA, Ericsson, Jio, Vodafone Idea, Bharti Airtel और Intel समेत कई कंपनियों के प्रतिनिधियों के सत्रों में हिस्सा लेने की उम्मीद है.

6G, AI और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस

कार्यक्रम में अगली पीढ़ी के नेटवर्क, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 6G, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और सैटेलाइट कम्युनिकेशन पर चर्चा होगी. 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के उद्घाटन के बाद Reliance Jio के चेयरमैन आकाश अंबानी, Bharti Enterprises के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल तथा Aditya Birla Group के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के मुख्य संबोधन प्रस्तावित हैं.

इस दिन दूरसंचार और डिजिटल टेक्नोलॉजी क्षेत्र में सरकारी घोषणाओं, साझेदारियों, निवेश और कारोबारी अवसरों से जुड़े सत्र भी होने की उम्मीद है. तीसरे दिन पैनल चर्चाओं और उद्योग सत्रों में 6G, AI-native telecom networks, intelligent RAN, साइबर सुरक्षा, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, network APIs, cloud और edge computing, सेमीकंडक्टर तथा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे विषय शामिल होंगे.

GSMA के कार्यक्रम में digital trust, सैटेलाइट कम्युनिकेशन नीति, AI-native telecom networks और कनेक्टिविटी से डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर बदलाव जैसे मुद्दों पर सत्र रखे गए हैं.

प्रदर्शनी और स्टार्टअप कार्यक्रम

सम्मेलन के साथ यशोभूमि में चार दिनों तक प्रदर्शनी भी चलेगी. इसमें 5G और 6G, AI, सेमीकंडक्टर, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, साइबर सुरक्षा, उन्नत विनिर्माण और cloud तथा edge computing से जुड़ी तकनीकों और वास्तविक उपयोग के उदाहरणों का प्रदर्शन किया जाएगा.

स्टार्टअप्स की भागीदारी ASPIRE कार्यक्रम के जरिए होगी. इस संस्करण में deep-tech और frontier technologies पर अधिक जोर दिया गया है. कार्यक्रम का उद्देश्य स्टार्टअप्स को प्रोटोटाइप से बाजार और निवेश के अवसरों तक पहुंचने में मदद करना है.

India Mobile Congress का आयोजन दूरसंचार विभाग और Cellular Operators Association of India संयुक्त रूप से करते हैं. इस संस्करण में नीति-निर्माताओं, टेलीकॉम कंपनियों, उपकरण निर्माताओं, टेक्नोलॉजी फर्मों, स्टार्टअप्स और निवेशकों की भागीदारी होगी.