भारत और नॉर्वे औद्योगिक तथा निर्माण क्षेत्र के कचरे को उपयोगी संसाधनों में बदलने के लिए संयुक्त अनुसंधान और प्रौद्योगिकी पहल तलाश रहे हैं. सहयोग का केंद्र टिकाऊ निर्माण सामग्री, खतरनाक कचरे का पर्यावरण-अनुकूल उपचार और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देना है.

इस विषय पर ‘सीमेंट और निर्माण क्षेत्र में वेस्ट-टू-रिसोर्स सॉल्यूशंस’ शीर्षक से भारत-नॉर्वे संवाद नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित किया गया. इसका संयुक्त आयोजन वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), नॉर्वे की शोध संस्था SINTEF और रिसर्च काउंसिल ऑफ नॉर्वे ने किया.

संवाद में वैज्ञानिकों, नियामक प्राधिकरणों तथा सीमेंट और निर्माण उद्योग के प्रतिनिधियों ने द्विपक्षीय शोध एवं तकनीक विकास की संभावनाओं पर चर्चा की. यह पहल भारत-नॉर्वे संबंधों को ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर तक ले जाने के बाद सामने आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मई में नॉर्वे यात्रा के दौरान सर्कुलर इकोनॉमी, स्वच्छ प्रौद्योगिकी और वैज्ञानिक शोध को सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया था.

निर्माण कचरे के उपयोग की संभावनाएं

सीएसआईआर-सीबीआरआई के निदेशक आर प्रदीप कुमार ने उद्घाटन सत्र में रेखांकित किया कि निर्माण और औद्योगिक कचरे को उपयोगी संसाधनों में बदलने के लिए रैखिक अर्थव्यवस्था से सर्कुलर मॉडल की ओर बढ़ना जरूरी है. उन्होंने निर्माण एवं ध्वस्तीकरण कचरे, स्टील स्लैग, फ्लाई ऐश और रेड मड के संभावित उपयोग का उल्लेख किया.

हालांकि, इन पदार्थों के इस्तेमाल के लिए प्रसंस्करण तकनीक, मानकीकरण, आर्थिक व्यवहार्यता और बाजार में स्वीकार्यता जैसी चुनौतियों पर भी ध्यान दिलाया गया. सीएसआईआर-सीआरआरआई और सीएसआईआर-एएमपीआरआई की ओर से प्रस्तुत शोध में फ्लाई ऐश, कॉपर स्लैग, रेड मड, प्लास्टिक कचरे और स्टील ग्रिट के सड़क निर्माण, जियोपॉलिमर कंक्रीट तथा विशेष निर्माण उत्पादों में इस्तेमाल की संभावनाएं बताई गईं.

खतरनाक कचरे के लिए सीमेंट किल्न पर चर्चा

तकनीकी सत्र में सीमेंट किल्न के जरिए खतरनाक कचरे के सुरक्षित उपचार पर भी विचार हुआ. इसमें स्थायी कार्बनिक प्रदूषक, डीडीटी से दूषित सामग्री और पॉलीक्लोरीनेटेड बाइफिनाइल्स (पीसीबी) वाले कचरे शामिल हैं.

SINTEF के मुख्य वैज्ञानिक कॉरे हेल्गे कार्स्टेनसन और सीएसआईआर-नीरी के वैज्ञानिक रमेश कुमार ने नियंत्रित उच्च तापमान पर चलने वाले सीमेंट किल्न की भूमिका पर चर्चा की. उनके अनुसार, ऐसी परिस्थितियों में खतरनाक कार्बनिक प्रदूषकों को नष्ट करने और पारंपरिक जीवाश्म ईंधन के स्थान पर कचरे से बने विकल्पों के इस्तेमाल की संभावना देखी जा सकती है. उन्होंने उत्सर्जन निगरानी, नियामकीय अनुपालन और नियंत्रित औद्योगिक परीक्षणों को आवश्यक बताया.

संवाद में दो से तीन संयुक्त शोध प्रस्ताव, खतरनाक कचरे के उपचार के पायलट प्रोजेक्ट, डीडीटी और पीसीबी-प्रदूषित कचरे के लिए तकनीकी दिशानिर्देश तथा उद्योग-अकादमिक साझेदारी को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया. पहल का उद्देश्य भारत के सीमेंट और निर्माण क्षेत्रों में संसाधन-कुशल तकनीकों को अपनाने की रफ्तार बढ़ाना है.