Instagram ने क्रिएटर्स के मूल वीडियो की नकल की पहचान करने और उस पर कार्रवाई का विकल्प देने के लिए Content Protection टूल रोल आउट करना शुरू किया है. प्लेटफॉर्म के प्रमुख Adam Mosseri ने बताया कि यह सुविधा क्रिएटर्स को Instagram के Insights में उनके वीडियो की कॉपी देखने और समीक्षा करने में मदद करेगी.
इस टूल के जरिए योग्य क्रिएटर्स यह तय कर सकेंगे कि किसी कॉपी किए गए वीडियो को ट्रैक करना है, उस पर मूल पोस्ट का क्रेडिट लिंक जोड़ना है या उसे छिपाना है. Meta के अनुसार, सिस्टम मूल वीडियो से मिलते-जुलते विजुअल मिलने पर क्रिएटर को अलर्ट करेगा.
यह सुविधा अभी सीमित टेस्ट के तौर पर कम संख्या में क्रिएटर्स के लिए उपलब्ध है. Meta के एक प्रवक्ता के मुताबिक, आगे चलकर इसका दायरा बढ़ाने की योजना है. योग्य क्रिएटर्स को Activity Feed में इसमें शामिल होने का निमंत्रण मिलेगा. नामांकन के बाद उनके नए मूल वीडियो अपने आप सुरक्षित होंगे, जबकि पुराने योग्य वीडियो को वे मैन्युअली चुनकर सुरक्षा में शामिल कर सकेंगे.
Instagram चोरी किए गए स्क्रिप्ट और जोक्स की पहचान करने की तकनीक भी टेस्ट कर रहा है. इसका उद्देश्य ऐसे मामलों को पकड़ना है, जिनमें किसी व्यक्ति का लिखा या बोला गया कंटेंट AI की मदद से बदले गए चेहरों या अन्य दृश्यों वाले वीडियो में इस्तेमाल किया जाता है.
इस तरह की नकल का असर खास तौर पर कॉमेडियन और अन्य शॉर्ट-वीडियो क्रिएटर्स पर पड़ रहा है. कुछ मामलों में मूल जोक्स और परफॉर्मेंस को AI से बनाए गए किरदारों के जरिए दोबारा पेश किया गया, जिससे दर्शकों का ध्यान और संभावित कमाई मूल क्रिएटर से हट सकती है. Mosseri ने कहा कि शुरुआती चरण में सिस्टम हर मामले की सही पहचान नहीं कर पाएगा, लेकिन इसमें लगातार सुधार किया जाएगा.
