असम के मोरीगांव जिले के जागीरोड में बन रहे टाटा समूह के सेमीकंडक्टर प्लांट में ट्रायल रन शुरू हो गया है. परियोजना के पूरी तरह चालू होने पर यहां रोजाना करीब 4.8 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप बनाने की क्षमता होने की उम्मीद है. करीब 592 एकड़ में फैली यह इकाई देश की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर परियोजनाओं में शामिल बताई जा रही है.

प्लांट में वायर बॉन्डिंग, फ्लिप चिप और फैन-आउट जैसी एडवांस्ड सेमीकंडक्टर पैकेजिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा. यहां तैयार होने वाली चिप का उपयोग ऑटोमोटिव, हेल्थकेयर, टेलीकम्युनिकेशन और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्रों में होने की बात कही गई है.

रोजगार और संभावित उद्घाटन

प्लांट का निर्माण कर रही कंपनी के अनुसार, परियोजना से 27 हजार से 40 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा करने की क्षमता है. विदेशों में काम कर रहे असमिया हाई-स्किल्ड प्रोफेशनल्स भी इस परियोजना में अवसर तलाश रहे हैं. कई युवाओं के इंटरव्यू होने की जानकारी दी गई है, जबकि कुछ ने विदेश की नौकरी छोड़कर असम लौटने का फैसला किया है.

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस प्लांट का आधिकारिक उद्घाटन दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में कर सकते हैं. यह तारीख अभी संभावित बताई गई है.

हाथियों और सांपों से सुरक्षा के उपाय

प्लांट क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही को देखते हुए इसके चारों ओर ग्रीन बेल्ट और सड़क किनारे कंक्रीट-स्टील की मजबूत दीवार बनाई गई है. नैनोमीटर स्तर की सटीकता वाले उत्पादन में कंपन से मशीनों पर असर पड़ सकता है, इसलिए इस जोखिम को कम करने के उपाय किए गए हैं. सांपों से निपटने के लिए स्नेक रेस्क्यू टीम तैनात है और कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया गया है.