विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को “मदर ऑफ ऑल टेक्नोलॉजीज” बताते हुए इसके विकास में नियमन, सुरक्षा मानकों और समावेशिता की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि AI की तुलना परमाणु तकनीक से करना आसान नहीं है, क्योंकि इसका इस्तेमाल कहीं अधिक व्यापक होगा और इससे प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या भी बहुत बड़ी होगी.
एक बातचीत के दौरान जयशंकर ने कहा कि AI का असर रोजमर्रा की जिंदगी पर गहरा पड़ेगा और समाज के लगभग हर व्यक्ति की इसमें हिस्सेदारी होगी. उनके मुताबिक, चर्चा केवल तकनीकी कंपनियों, कंप्यूटिंग क्षमता, चिप्स, ऊर्जा और वित्तपोषण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. AI के वास्तविक उपयोग, उसके लाभ और लोगों पर पड़ने वाले परिणामों पर भी गंभीर विमर्श जरूरी है.
उन्होंने लोकतांत्रिक समाजों में AI के राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई. जयशंकर ने कहा कि भारत में सरकार और समाज के स्तर पर इस बात को लेकर व्यापक सहमति है कि AI के लिए नियम और सुरक्षा-प्रबंध होने चाहिए. साथ ही, जिम्मेदारी पर अधिक गंभीर बहस की जरूरत है.
विदेश मंत्री ने AI को अधिक सुलभ और लोगों के लिए उपयोगी बनाने की वकालत की. उन्होंने कहा कि यह तकनीक ऐसी ताकतों के नियंत्रण में नहीं रहनी चाहिए, जिन पर आम लोगों का कोई प्रभाव न हो.
