Lava ने भारत में Smart 4 Pro स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है. इसकी कीमत ₹10,999 रखी गई है और यह 4GB RAM व 64GB स्टोरेज वाले एक ही वेरिएंट में उपलब्ध है. फोन की बिक्री Lava के ऑफलाइन रिटेल नेटवर्क के जरिए की जा रही है. यह Neelam Blue और Konark Gold रंगों में आता है.

Smart 4 Pro में 7,000mAh की बैटरी दी गई है, जिसे Lava ने अपने स्मार्टफोन पोर्टफोलियो की सबसे बड़ी बैटरी बताया है. बैटरी 18W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करती है और चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मिलता है. कंपनी के अनुसार, फोन 950 घंटे तक स्टैंडबाय टाइम और 748 मिनट तक YouTube प्लेबैक दे सकता है.

फोन के प्रमुख स्पेसिफिकेशन

इस स्मार्टफोन में 6.75 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. इसमें Unisoc T610 ऑक्टा-कोर चिपसेट, 4GB वर्चुअल RAM और microSD कार्ड के जरिए 512GB तक स्टोरेज बढ़ाने का विकल्प दिया गया है.

फोटोग्राफी के लिए पीछे 13MP का कैमरा और आगे 5MP का कैमरा मिलता है. फोन Android 16 पर चलता है. Lava के मुताबिक, इसमें विज्ञापन और अनावश्यक प्री-इंस्टॉल ऐप्स नहीं दिए गए हैं. डिवाइस में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, फेस अनलॉक और MIL-STD-810H ड्रॉप व शॉक रेजिस्टेंस सर्टिफिकेशन भी है.