चंद्रमा पर लंबे समय तक मानव मौजूदगी के लिए भोजन उगाने की दिशा में शोधकर्ताओं को अहम सफलता मिली है. ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने चंद्रमा की मिट्टी जैसी तैयार की गई सामग्री में आलू उगाए. परीक्षण में मिट्टी में जैविक पदार्थ मिलाया गया था.
विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान और पादप रोग विज्ञान विभाग के आयमेरिक गोयेर के अनुसार, जैविक पदार्थ मिलाने के बाद आलू इस कृत्रिम चंद्र-मिट्टी में अपना पूरा जीवन-चक्र पूरा कर सके. शोधकर्ताओं का कहना है कि यह चंद्रमा पर लंबे अभियानों के लिए भरोसेमंद खाद्य उत्पादन प्रणाली विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
चंद्रमा की सतह पर मौजूद ढीली चट्टान और धूल को रेगोलिथ कहा जाता है. इसमें भारी धातुओं की मात्रा अधिक और जैविक पदार्थ बहुत कम होता है, इसलिए सीधे इसमें खेती करना कठिन है. शोध में वर्मी-कम्पोस्ट का इस्तेमाल किया गया, जिसे केंचुओं की मदद से भोजन के अवशेषों और पौधों के कचरे को विघटित करके बनाया जा सकता है.
शोधकर्ताओं के मुताबिक, वर्मी-कम्पोस्ट रेगोलिथ में मौजूद भारी धातुओं को बांधने में भी मदद करता है. टीम ने चंद्रमा की अलग-अलग सतही परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए रेगोलिथ के पांच सिमुलेंट का परीक्षण किया. 30 प्रतिशत वर्मी-कम्पोस्ट वाले मिश्रण में उगे आलू पृथ्वी पर उगाए गए आलुओं के समान पाए गए और खाने योग्य थे.
अब शोधकर्ता चंद्र-मिट्टी में आलू की 10 अलग-अलग किस्मों के विकास का अध्ययन कर रहे हैं.
