Meta India के प्रमुख अरुण श्रीनिवास के मुताबिक, कंपनी ने इस साल की पहली छमाही में भारत में Facebook और Instagram से बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी 50 लाख से अधिक सामग्री हटाई. उन्होंने कहा कि इनमें 98% सामग्री की पहचान शिकायत मिलने से पहले ही AI आधारित सिस्टम के जरिए कर ली गई थी.

श्रीनिवास ने बताया कि कंपनी ऐसी सामग्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाती है. हालांकि, उनके अनुसार चुनौती यह है कि आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल लोग लगातार अपना तरीका बदलते रहते हैं. पोस्ट पर निगरानी बढ़ने के बाद कुछ लोग विज्ञापनों का सहारा लेने लगे. अब ऐसे विज्ञापनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो ऊपर से सामान्य दिखाई देते हैं, लेकिन उपयोगकर्ताओं को बाहरी वेबसाइट या ऐप पर ले जाते हैं.

उन्होंने कहा कि बाहरी प्लेटफॉर्म पर होने वाली गतिविधियों को देखने या ट्रैक करने की Meta की क्षमता सीमित है. कंपनी ने ऐसे मामलों में कार्रवाई के लिए भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के साथ साझेदारी की है. श्रीनिवास के अनुसार, संबंधित मामलों की जानकारी सीधे साइबर अपराध पोर्टल के जरिए अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी.

AI एजेंट और WhatsApp सेवाओं पर जोर

श्रीनिवास ने कहा कि भारत में Meta की प्राथमिकताओं में WhatsApp के जरिए खरीदारी, बिल भुगतान और सरकारी सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ाना शामिल है. उनके मुताबिक, AI एजेंट उपयोगकर्ताओं को दूसरे ऐप पर जाए बिना कैब बुक करने, खाना-कॉफी मंगाने और यात्रा की योजना बनाने जैसी सुविधाएं दे सकते हैं.

Meta का AI उत्पाद ‘म्यूज’ अमेरिका और कनाडा के अलावा जापान और सिंगापुर में भी लॉन्च किया जा चुका है. भारत में इसके लॉन्च की तारीख अभी साझा नहीं की गई है. श्रीनिवास ने कहा कि कंपनी समय करीब आने पर जानकारी देगी. उन्होंने यह भी कहा कि अंततः उपयोगकर्ता अपनी जरूरत के अनुसार AI सेवा का चुनाव करेंगे.