मेटा ने कहा है कि उसने 2026 की पहली छमाही में भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी 53 लाख सामग्री पर कार्रवाई की. कंपनी के अनुसार, यह कार्रवाई फेसबुक और इंस्टाग्राम पर जनवरी से जून के बीच की गई.
मेटा का दावा है कि भारत में इस श्रेणी की 98 फीसदी से अधिक सामग्री को किसी यूजर की शिकायत आने से पहले ही पहचान लिया गया था. कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कार्रवाई के दायरे में हटाना, पहुंच सीमित करना या अन्य किस तरह के कदम शामिल थे.
विज्ञापनों के जरिए बाहरी लिंक की चुनौती
कंपनी के मुताबिक, अपराधी ऐसे विज्ञापनों का इस्तेमाल कर रहे हैं जो पहली नजर में सामान्य दिखते हैं, लेकिन यूजर को प्लेटफॉर्म के बाहर मौजूद गैरकानूनी सामग्री तक पहुंचा सकते हैं. मेटा ने कहा कि ऐसे मामलों का पता चलने पर उसने संबंधित अकाउंट बंद किए और बाहरी लिंक ब्लॉक किए.
मेटा ने बताया कि उसने ऐसे संकेतों की पहचान के लिए नए एआई उपकरण लगाए हैं. इनमें एक लार्ज लैंग्वेज मॉडल आधारित प्रणाली शामिल है, जो ऐसे विज्ञापनों को चिह्नित करने के लिए बनाई गई है जिनमें प्रत्यक्ष रूप से आपत्तिजनक सामग्री नहीं दिखती, लेकिन वे संदिग्ध बाहरी गंतव्य तक ले जा सकते हैं. कंपनी अब विज्ञापन के दृश्य या टेक्स्ट के साथ उसके लिंक के गंतव्य की भी जांच करने की बात कह रही है.
कंपनी के अनुसार, एआई आधारित प्रणालियों से पहले छूट चुकी सामग्री तलाशने, सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियां पहचानने और प्रतिबंधित यूजर्स के नए अकाउंट का पता लगाने की कोशिश भी की जा रही है.
वैश्विक स्तर पर मेटा ने जनवरी-जून 2026 के दौरान 3.32 करोड़ ऐसी सामग्री पर कार्रवाई करने का दावा किया है. कंपनी के मुताबिक, इनमें 97 फीसदी से अधिक सामग्री शिकायत से पहले पहचानी गई थी.
जुलाई में आईटी मंत्रालय ने इंस्टाग्राम पर ऐसे विज्ञापनों को लेकर मेटा को नोटिस जारी कर उन्हें हटाने का निर्देश दिया था. मेटा ने बाल सुरक्षा मामलों से जुड़ी जानकारी सीधे I4C साइबर अपराध पोर्टल को देने पर सहमति जताने की बात भी कही है.
