Meta की पब्लिक पॉलिसी टीम ने कांग्रेस की सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत से मुलाकात की. उनके साथ Indian Youth Congress (IYC) के नेता भी मौजूद थे. यह बैठक उन Instagram अकाउंट्स को लेकर जारी विवाद के बीच हुई, जिन पर प्रतिबंध लगाए जाने का आरोप है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Meta अधिकारियों ने कहा कि कंपनी सभी राजनीतिक दलों और उनके कंटेंट को लेकर तटस्थ रुख रखती है. अधिकारियों ने Meta कर्मचारियों को निशाना बनाए जाने और कंपनी के दफ्तरों के बाहर हो रहे प्रदर्शनों पर भी चिंता जताई.

IYC ने अकाउंट्स बहाल करने और प्रतिबंध हटाने की मांग करते हुए सात दिन का अल्टीमेटम दिया है. 20 नवंबर से संगठन के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में Meta से जुड़े कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किए हैं.

बैठक में Meta ने बताया कि भारतीय IT Rules के तहत कुछ श्रेणियों के कंटेंट को पोस्ट, अपलोड, साझा या प्रसारित करने पर रोक है. कंपनी के अनुसार, ये नियम AI, मशीन लर्निंग या अन्य तकनीकों से बनाए अथवा बड़े स्तर पर बदले गए कंटेंट, जैसे डीपफेक और AI-जनित टेक्स्ट, तस्वीर, ऑडियो व वीडियो पर भी लागू होते हैं.

कंपनी ने कहा कि भारतीय कानून या वैध सरकारी-कानूनी आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर पोस्ट, वीडियो या पूरे अकाउंट की पहुंच अस्थायी या स्थायी रूप से सीमित की जा सकती है और यूजर्स को इसकी सूचना दी जाती है.