Meta ने पुष्टि की है कि उसके Ray-Ban Meta स्मार्ट ग्लास में एक ऐसी समस्या आई थी, जिसके कारण कुछ बातचीत यूजर की अनुमति के बिना रिकॉर्ड हो गई. कंपनी के अनुसार, इस समस्या को अब ठीक कर दिया गया है.
कई यूजर्स ने शिकायत की थी कि ग्लास ने ‘Hey Meta’ कमांड सक्रिय किए बिना उनकी बातचीत रिकॉर्ड और ट्रांसक्राइब की. एक यूजर के मुताबिक, रिकॉर्डिंग शुरू करने वाली सेटिंग बंद होने के बावजूद डिवाइस ने बातचीत रिकॉर्ड की. यूजर ने यह भी बताया कि रिकॉर्डिंग के दौरान ग्लास पर सक्रिय होने का संकेत देने वाली सफेद लाइट दिखाई दी.
यह घटना केवल एक डिवाइस तक सीमित नहीं बताई गई. संबंधित यूजर ने दावा किया कि उसने दूसरी और तीसरी पीढ़ी के Ray-Ban Meta स्मार्ट ग्लास के तीन अलग-अलग सेट में ऐसा व्यवहार देखा. अन्य यूजर्स ने भी इसी तरह के अनुभव साझा किए.
Meta के प्रवक्ता ने कहा, “यह समस्या हल कर दी गई है.” कंपनी ने यह भी बताया कि यूजर्स सेटिंग्स के जरिए Meta AI के साथ हुई बातचीत के वॉयस लॉग को कभी भी मैनेज, रिव्यू और डिलीट कर सकते हैं. हालांकि, Meta ने यह स्पष्ट नहीं किया कि रिकॉर्डिंग शुरू होने की तकनीकी वजह क्या थी.
पहले भी उठे हैं गोपनीयता पर सवाल
इससे पहले एक जांच में दावा किया गया था कि Meta स्मार्ट ग्लास से रिकॉर्ड किए गए कुछ वीडियो AI मॉडल की ट्रेनिंग के लिए डेटा लेबलिंग करने वाले केन्या स्थित कर्मचारियों को भेजे गए. इनमें निजी और संवेदनशील दृश्य भी शामिल होने की बात कही गई थी.
स्मार्ट ग्लास की गुप्त रिकॉर्डिंग को लेकर पहले से चिंता जताई जाती रही है. ऐसे में यूजर की जानकारी के बिना रिकॉर्डिंग की पुष्टि इस चिंता को और गंभीर बनाती है.
