गृह मंत्रालय (MHA) ने WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले लोगों को आधिकारिक, वित्तीय और अन्य संवेदनशील जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है. मंत्रालय की National Cybercrime Threat Analytics Unit (NCTAU) ने चेतावनी दी कि सक्रिय WhatsApp Web सत्र का कुछ परिस्थितियों में दुरुपयोग कर अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच हासिल की जा सकती है.
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की इकाई के अनुसार, अनधिकृत पहुंच मिलने पर कोई दुर्भावनापूर्ण व्यक्ति संदेश पढ़ सकता है, अकाउंट धारक के रूप में संदेश भेज सकता है और कॉन्टैक्ट्स तथा ग्रुप बातचीत तक पहुंच बना सकता है. इसका इस्तेमाल धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसी गतिविधियों के लिए किया जा सकता है.
किन कंप्यूटरों पर सावधानी जरूरी
एडवाइजरी में खास तौर पर ऑफिस कंप्यूटर, साझा सिस्टम और ऐसे उपकरणों पर सावधानी बरतने को कहा गया है, जिन तक दूसरे लोग भी पहुंच सकते हैं. उपयोगकर्ताओं को WhatsApp Web सत्र स्थायी रूप से लॉग-इन रखने से बचने और हर इस्तेमाल के बाद मैन्युअल रूप से लॉगआउट करने की सलाह दी गई है. केवल ब्राउजर विंडो या टैब बंद करने से सत्र समाप्त नहीं होता.
जहां WhatsApp Web का इस्तेमाल जरूरी हो, वहां किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर Incognito या Private Browsing मोड का उपयोग करने को कहा गया है. साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल बिजनेस सेंटर या अन्य अविश्वसनीय कंप्यूटरों से लॉग-इन न करने की सलाह दी गई है.
मंत्रालय ने असामान्य गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा है. इनमें अकाउंट से अपने-आप भेजे गए संदेश या संपर्कों की ओर से आए ऐसे जवाब शामिल हैं, जिनकी जानकारी उपयोगकर्ता को न हो. साथ ही ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर अपडेट रखने, संदिग्ध डाउनलोड से बचने तथा अनजान फाइल या अविश्वसनीय सॉफ्टवेयर न खोलने की सलाह दी गई है.
