Microsoft के CEO सत्या नडेला ने कंपनी में हजारों कर्मचारियों को दिए गए buyout प्रस्ताव के पीछे AI को प्रमुख कारण बताया है. पिछले महीने कंपनी ने 60,000 तक कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने के लिए buyout ऑफर देने की बात सामने आई थी. नडेला ने इस सप्ताह एक सार्वजनिक बातचीत में इस फैसले पर चर्चा की.
नडेला के अनुसार, यह बदलाव हर कर्मचारी को एक-एक करके AI से बदलने की सीधी योजना नहीं है. उनका कहना है कि AI के कारण सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग और अन्य तकनीकी भूमिकाओं में काम करने का तरीका बदल रहा है. अब कंपनियां ऐसी टीमों की ओर बढ़ रही हैं, जहां कर्मचारी AI एजेंट्स के समूहों का प्रबंधन और मार्गदर्शन करेंगे.
उन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले AI की क्षमता को लेकर संदेह था, फिर यह धारणा बनी कि AI पूरा सॉफ्टवेयर बना सकता है और इंजीनियरों की जरूरत नहीं रहेगी. नडेला के मुताबिक, अब स्थिति यह है कि सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग आगे भी महत्वपूर्ण रहेगी, लेकिन टीमों का संगठन और इंजीनियरों की जिम्मेदारियां नए तरीके से तय होंगी.
नडेला ने Microsoft 365 के AI एजेंट Cowork का उदाहरण भी दिया. उनके अनुसार, इस उत्पाद पर काम करने वाली टीम में 11 इंसान हैं, जो खुद हर कोड लिखने के बजाय ऐसा ‘सॉफ्टवेयर फैक्टरी’ ढांचा तैयार करते हैं, जो उत्पाद बनाने में AI एजेंट्स का इस्तेमाल करता है.
CEO ने कहा कि buyout का उद्देश्य कर्मचारियों को अपने भविष्य के बारे में फैसला लेने की कुछ स्वतंत्रता देना भी था. उनके मुताबिक, कंपनी यह सुनिश्चित करना चाहती थी कि कर्मचारियों को विकल्प चुनने का अवसर मिले.
