Microsoft की कई ऑनलाइन सेवाओं में गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को व्यापक तकनीकी व्यवधान की शिकायतें सामने आईं. सबसे ज्यादा असर Outlook पर बताया गया, जहां यूजर्स को इनबॉक्स लोड करने, ईमेल भेजने और संदेश प्राप्त करने में परेशानी हुई.

आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector पर Outlook से जुड़ी शिकायतें एक समय करीब 1.30 लाख तक पहुंच गईं. Microsoft Teams, Copilot और अन्य Microsoft 365 सेवाओं के लिए भी हजारों यूजर्स ने समस्याएं दर्ज कराईं.

Microsoft ने कहा कि वह अमेरिका सहित अलग-अलग क्षेत्रों में Exchange Online मेलबॉक्स तक पहुंचने में आ रही दिक्कतों की जांच कर रहा है. कंपनी के अनुसार, उसके कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर पर सामान्य से अधिक लोड था, जो कनेक्टिविटी संबंधी त्रुटियों की संभावित वजह हो सकता है.

कंपनी ने प्रभावित ट्रैफिक को दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर पर भेजने और सेवाओं पर दबाव कम करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही. Microsoft ने North America में Teams से जुड़ी शुरुआती समस्या को बहाल करने का दावा किया, हालांकि कुछ यूजर्स को बाद में भी कनेक्टिविटी की शिकायत रही.