AI उद्योग में बढ़ते निवेश और उससे होने वाली कमाई के बीच बड़ा अंतर आने वाले महीनों को मुश्किल बना सकता है. निवेशक और उद्यमी निखिल कामथ ने NDTV World Summit 2026 में AI सेक्टर की वित्तीय स्थिरता पर चिंता जताई.
कामथ के मुताबिक, AI में हर साल करीब 1 ट्रिलियन डॉलर का निवेश हो रहा है, जबकि enterprise इस्तेमाल से होने वाला राजस्व लगभग 100 से 200 अरब डॉलर के बीच है. उन्होंने कहा कि निवेश और राजस्व के बीच 700 से 800 अरब डॉलर का सालाना अंतर है, जिसे किसी न किसी स्रोत से पूरा करना होगा.
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या AI उद्योग हर साल इतनी ही नई पूंजी जुटा पाएगा. उनके अनुसार, अब तक Middle East और विदेशी निवेशकों से बड़ी रकम आई है, लेकिन लगातार 1 ट्रिलियन डॉलर की नई पूंजी जुटाना आसान नहीं होगा.
कामथ ने अमेरिकी Treasury rates बढ़ने की आशंका का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि ब्याज दरें 5, 6 या 7 प्रतिशत तक पहुंचने पर AI कंपनियों के लिए पूंजी जुटाना और कठिन हो सकता है. उनका मानना है कि आने वाले साल में फंडिंग इस साल और पिछले साल की तुलना में चुनौतीपूर्ण रह सकती है.
