लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में 30 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इनमें IIT कानपुर के नोएडा परिसर में डीप टेक यू-हब की स्थापना और भवन निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है.
परियोजना पर कुल 281.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. भवन का निर्माण इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड में कराया जाएगा. सरकार ने इसे 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है.
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए परियोजना के तहत 100 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है. इसमें 30 करोड़ रुपये पूंजीगत मद और 70 करोड़ रुपये राजस्व मद के लिए रखे गए हैं. शेष राशि की व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से किए जाने की बात सामने आई है.
डीप टेक यू-हब का उद्देश्य नई तकनीक, शोध और स्टार्टअप गतिविधियों को बढ़ावा देना है. प्रस्तावित केंद्र से शोधकर्ताओं और तकनीकी उद्यमों को सहयोग मिलने की उम्मीद है. परियोजना में केंद्र सरकार की वित्तीय हिस्सेदारी नहीं होगी.
