उत्तर प्रदेश में देश का पहला डीप टेक यू-हब स्थापित किया जाएगा. परियोजना पर 281.03 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसे 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. यू-हब का मुख्य भवन आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में बनेगा, जबकि इसका दूसरा भवन IIIT लखनऊ परिसर में प्रस्तावित है.
राज्य मंत्रिपरिषद ने नोएडा परिसर में भवन निर्माण के लिए 28,103.88 लाख रुपये के संशोधित व्यय प्रस्ताव को मंजूरी दी है. निर्माण इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण यानी EPC मॉडल के तहत कराया जाएगा. परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है, जिसमें 30 करोड़ रुपये पूंजीगत और 70 करोड़ रुपये राजस्व मद में रखे गए हैं. शेष धनराशि चरणबद्ध तरीके से स्वीकृत की जाएगी.
आईआईटी कानपुर के अनुसार, यू-हब में Physical AI, रोबोटिक्स, ऑटोनॉमस सिस्टम, सेमीकंडक्टर डिजाइन और OSAT, उन्नत MedTech-बायोटेक, क्वांटम और एडवांस्ड कंप्यूटिंग पर काम होगा. इसका उद्देश्य प्रयोगशाला शोध को उत्पादों और डीप-टेक कंपनियों में बदलना है. परियोजना पर्यावरणीय मंजूरियों, गुणवत्ता मानकों और टेंडर नियमों के अधीन आगे बढ़ेगी.
