Nvidia के एडवांस AI चिप्स को चीन तक पहुंचाने के कथित नेटवर्क की जांच में अब चीनी कारोबारी ली मिंग का नाम सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंगापुर की कंपनी Megaspeed में वरिष्ठ पद पर रहीं एलिस हुआंग इस नेटवर्क का सार्वजनिक चेहरा थीं, जबकि पर्दे के पीछे 52 वर्षीय ली मिंग की अहम भूमिका थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, ली मिंग ने दक्षिण-पूर्व एशिया में कई कंपनियों का नेटवर्क बनाया था. इन कंपनियों के जरिए अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के बावजूद Nvidia चिप्स से लैस कंप्यूटर सर्वरों की खरीद और सप्लाई किए जाने का आरोप है. बताया गया है कि वह Megaspeed के कामकाज और बड़े कारोबारी फैसलों में भी सक्रिय था.

सिंगापुर में दर्ज मामले का संदर्भ

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंगापुर में ली मिंग के खिलाफ फरवरी 2025 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था. आरोप है कि उसने अमेरिकी सप्लायरों को बताया कि Nvidia चिप्स वाले सर्वरों का इस्तेमाल सिंगापुर में उसकी अपनी कंपनी करेगी. इसके बाद इन सर्वरों को पहले मलेशिया और फिर किसी तीसरे देश भेजे जाने का आरोप है. ली मिंग फिलहाल जमानत पर बाहर बताया गया है.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ली मिंग के एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई से लंबे समय से कारोबारी संबंध थे. अमेरिकी सरकार द्वारा चीन को एडवांस Nvidia चिप्स की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद दक्षिण-पूर्व एशिया में कंपनियों का नेटवर्क तैयार किए जाने का दावा किया गया है.

Megaspeed और डेटा सेंटर की जांच

रिपोर्ट के अनुसार, Megaspeed ने मलेशिया स्थित डेटा सेंटर के जरिए चीनी टेक कंपनी Alibaba को कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराई. कुछ Nvidia सर्वरों को चीन भेजे जाने का भी दावा किया गया है. हालांकि, Megaspeed ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है और कहा है कि वह निर्यात नियमों का पालन करती है.

सिंगापुर के गृह मंत्रालय के अनुसार, पुलिस और कस्टम विभाग ने फरवरी 2025 में Megaspeed और उससे जुड़े लोगों की जांच शुरू की थी. एलिस हुआंग भी जांच के दायरे में थीं. सरकार ने स्पष्ट किया था कि उनके खिलाफ जासूसी के मामले में जांच नहीं हुई. फरवरी 2026 में संभावित गलत घोषणाओं से जुड़े आरोप तय करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले, लेकिन जांच के दौरान गलत जानकारी देने और कंपनी में अपनी भूमिका कम करके बताने पर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई थी. मामले की जांच जारी है.