पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को नियंत्रित करने के लिए सरकार से तेजी से कदम उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह तकनीक निजी कंपनियों के हाथों में बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है और नीति-निर्माताओं को इसके साथ कदम मिलाना होगा.

ओबामा के मुताबिक, सरकार को AI से जुड़े गंभीर सुरक्षा जोखिमों, रोजगार पर संभावित असर और बच्चों पर पड़ने वाले प्रभावों को ध्यान में रखते हुए ठोस प्रस्ताव, कानून और नियम तैयार करने चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि AI के लाभ समाज के व्यापक हिस्से तक पहुंचने चाहिए.

उन्होंने AI को चिकित्सा, ऊर्जा और शिक्षा में बड़े बदलाव ला सकने वाली तकनीक बताया, लेकिन चेताया कि इससे आर्थिक अस्थिरता, असमानता और गंभीर नुकसान का खतरा भी पैदा हो सकता है.

ओबामा की अपील ऐसे समय आई है जब अमेरिका में AI के नियमन को लेकर राजनीतिक और कारोबारी बहस तेज है. कुछ तकनीकी कंपनियां सरकारी निगरानी की मांग कर रही हैं, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में AI से जुड़े जोखिमों पर उठाई जा रही चिंताओं को खारिज किया है.