OpenAI के लंदन स्थित कर्मचारियों को 2025 में वेतन और शेयर मिलाकर औसतन करीब £2.32 मिलियन का पैकेज मिला. यह आंकड़ा OpenAI UK Ltd के खातों से सामने आया है. कंपनी के 110 कर्मचारियों के बीच £87 मिलियन वेतन और £168 मिलियन मूल्य के शेयर बांटे गए, यानी कुल £255 मिलियन.

उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर प्रति कर्मचारी औसत पैकेज £2,318,181 बैठता है. इसमें वेतन और इक्विटी दोनों शामिल हैं और यह कर से पहले का आंकड़ा है. हालांकि, खातों से कर्मचारियों के बीच भुगतान का वास्तविक वितरण स्पष्ट नहीं होता. रिपोर्ट के अनुसार, सबसे बड़े पैकेज अत्याधुनिक AI मॉडल विकसित करने वाले शोधकर्ताओं को दिए जाते हैं.

यह औसत पिछले वर्ष के करीब £1.1 मिलियन के औसत वेतन और इक्विटी पैकेज से काफी अधिक है. 2025 में AI क्षेत्र में विशेषज्ञ कर्मचारियों को आकर्षित करने के लिए कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज थी. Meta की ओर से भी AI प्रतिभाओं के लिए कई वर्षों में करोड़ों डॉलर के पैकेज की पेशकश किए जाने की खबरें आई थीं.

OpenAI UK Ltd का मुख्यालय फिलहाल वेस्टमिंस्टर में है और कंपनी लंदन के King’s Cross इलाके में नया मुख्यालय खोल रही है. लंदन कार्यालय को कंपनी का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय शोध केंद्र बताया गया है. यहां AI शोध और मशीन-लर्निंग विशेषज्ञों के अलावा सरकारी मामलों, बिक्री और मार्केटिंग से जुड़ी टीमें भी काम करती हैं.

कंपनी के खातों के अनुसार, 2025 में OpenAI UK Ltd का कारोबार तीन गुना से अधिक बढ़कर £293 मिलियन हो गया. इस दौरान कंपनी ने £20.3 मिलियन का मुनाफा दर्ज किया. OpenAI ने इन भुगतान आंकड़ों पर टिप्पणी नहीं की.