स्मार्ट रिंग कंपनी Oura ने वर्कआउट और फिटनेस ट्रैकिंग के लिए दो नए मेट्रिक्स पेश किए हैं. Cardio Effort और VO₂ max के जरिए यूजर्स यह समझ सकेंगे कि किसी गतिविधि ने उनके कार्डियोवस्कुलर सिस्टम पर कितना दबाव डाला और लंबे समय में उनकी फिटनेस पर उसका क्या असर पड़ा.
Cardio Effort कैसे काम करेगा
Cardio Effort किसी वर्कआउट के दौरान हृदय पर पड़े प्रभाव को मापेगा. यह मेट्रिक व्यायाम की तीव्रता और अवधि, दोनों को ध्यान में रखता है. इसलिए कम अवधि का अधिक तेज वर्कआउट और ज्यादा अवधि का हल्का वर्कआउट समान स्कोर दे सकते हैं.
यह सुविधा दो हिस्सों में उपलब्ध होगी—Workout Cardio Effort और Weekly Cardio Effort. पहला किसी एक वर्कआउट के प्रभाव का आकलन करेगा, जबकि दूसरा पूरे सप्ताह के प्रयास को जोड़कर कुल स्तर बताएगा. साप्ताहिक परिणाम “Light”, “Fair”, “Maintaining”, “Building” और “Reaching” जैसी श्रेणियों में दिखेगा.
Oura के अनुसार, यह गणना यूजर की लंबे समय की resting heart rate की तुलना में बढ़ी हुई हृदय गति पर आधारित होगी. साप्ताहिक स्तर हाल की गतिविधियों के आधार पर बनाए गए व्यक्तिगत दायरों से तय किए जाएंगे. कंपनी का उद्देश्य यूजर्स का ध्यान केवल इस सवाल से हटाकर कि उन्होंने कितने मिनट गतिविधि की, इस पर लाना है कि वे फिटनेस बनाए रख रहे हैं, बढ़ा रहे हैं या जरूरत से ज्यादा मेहनत कर रहे हैं.
Cardio Effort Oura Ring Gen3 और इसके बाद के मॉडल्स के लिए जारी किया जा रहा है.
VO₂ max से दिखेगा फिटनेस में बदलाव
VO₂ max यह बताता है कि व्यायाम के दौरान हृदय, फेफड़े और मांसपेशियां ऑक्सीजन पहुंचाने और उसका इस्तेमाल करने में कितनी प्रभावी हैं. Oura GPS-enabled workouts के आधार पर इसका अनुमान लगाएगा. इसके लिए पहले पांच योग्य गतिविधियां पूरी करनी होंगी, जिसके बाद शुरुआती VO₂ max अनुमान मिलेगा.
यूजर्स My Health के Heart Hub में अपना अनुमान ml/kg/min में देख सकेंगे. यहां फिटनेस श्रेणी, समय के साथ बदलाव और पिछली बार अपडेट होने की जानकारी भी मिलेगी. VO₂ max फीचर Oura Labs में Gen3 और नए डिवाइस वाले सदस्यों के लिए उपलब्ध होगा.
