पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सरकार स्मार्ट-ग्रिड तकनीक से जुड़े पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी कर रही है. नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने योजना के ‘इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स’ घटक के तहत बिजली वितरण कंपनियों से Distributed Energy Resource Management System (DERMS) परियोजनाओं के प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं.

DERMS की मदद से डिस्कॉम अलग-अलग घरों में लगे रूफटॉप सोलर सिस्टम से होने वाले बिजली उत्पादन की निगरानी कर सकेंगे. इसके साथ ही बिजली उत्पादन का पूर्वानुमान, मांग और आपूर्ति का संतुलन, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव तथा नेटवर्क पर बढ़ते दबाव का आकलन भी किया जा सकेगा.

प्रस्तावित पायलट में सौर ऊर्जा की रियल-टाइम मॉनिटरिंग, बैटरी स्टोरेज प्रबंधन, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग, वोल्टेज नियंत्रण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पूर्वानुमान और वर्चुअल पावर प्लांट जैसी व्यवस्थाओं को शामिल किया जा सकता है.

PM सूर्य घर योजना का लक्ष्य एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना है. योजना के लिए कुल ₹75,021 करोड़ का प्रावधान किया गया है और इसे 31 मार्च 2027 तक लागू किया जाना है. स्मार्ट-ग्रिड पायलटों का उद्देश्य रूफटॉप सोलर के विस्तार के साथ बिजली नेटवर्क की विश्वसनीयता और संचालन क्षमता बनाए रखना है.