भारत के निजी क्षेत्र द्वारा तैयार किया जा रहा पहला Polar Satellite Launch Vehicle (PSLV) अपनी पहली उड़ान के लिए तैयार है. ISRO अध्यक्ष वी. नारायणन ने बताया कि PSLV-N1 का प्रक्षेपण अगले साल की पहली तिमाही में करने का लक्ष्य रखा गया है.
PSLV-N1 को L&T और HAL के कंसोर्टियम ने तैयार किया है. ISRO की वाणिज्यिक शाखा NewSpace India Limited (NSIL) ने सितंबर 2022 में इस कंसोर्टियम के साथ पांच PSLV बनाने के लिए 860 करोड़ रुपये का अनुबंध किया था. अब तक PSLV का निर्माण मुख्य रूप से ISRO उद्योग जगत के सहयोग से करता रहा है.
नारायणन ने कहा कि देश को संचार, नेविगेशन और पृथ्वी अवलोकन के लिए बड़ी संख्या में अंतरिक्ष परिसंपत्तियां विकसित करने की जरूरत है. उनके अनुसार, यह काम केवल सरकारी क्षेत्र के जरिए पूरा नहीं किया जा सकता. ISRO और IN-SPACe निजी कंपनियों को सहयोग दे रहे हैं, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में दिखाई देगा.
उन्होंने बताया कि भारत में अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े स्टार्टअप की संख्या बढ़कर 440 से अधिक हो गई है. भारत ने पिछले 12 वर्षों में 34 देशों के कम-से-कम 434 उपग्रहों को अपनी धरती से प्रक्षेपित किया है. भारत 64 देशों के साथ अंतरिक्ष सहयोग भी कर रहा है.
गगनयान और स्वदेशी चिप पर अपडेट
ISRO अध्यक्ष ने कहा कि गगनयान मिशन में देरी नहीं हुई है और यह अंतिम चरण में है. रॉकेट तथा अन्य जरूरी सामग्री तैयार है, जबकि ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम जारी है. उन्होंने यह भी बताया कि ISRO और चंडीगढ़ स्थित Semiconductor Laboratory ने Vikram प्रोसेसर विकसित किया है. Vikram-32 चिप तैयार हो चुकी है और उसे सिस्टम में शामिल किया जाएगा.
