करीब 300 समाचार और पत्रिका प्रकाशकों ने अमेरिकी कांग्रेस से ऐसे एआई बॉट्स पर रोक लगाने की मांग की है, जो वेबसाइटों की सामग्री को बिना स्पष्ट पहचान और अनुमति के स्क्रैप करते हैं. प्रकाशकों का कहना है कि इस तरह का बॉट ट्रैफिक उनके संचालन, पाठकों तक पहुंच और डिजिटल आय को नुकसान पहुंचा रहा है.

जुलाई में प्रतिनिधि सभा में पेश किए गए द्विदलीय Stealth Bot Prohibition Act में ‘स्टील्थ बॉट्स’ की तैनाती पर नियंत्रण का प्रस्ताव है. विधेयक के तहत वेबसाइटों की सामग्री स्क्रैप या इंडेक्स करने वाले एआई एजेंटों को अपनी पहचान और उद्देश्य वेबसाइट संचालकों के सामने स्पष्ट करना होगा. उल्लंघन की स्थिति में Federal Trade Commission के तहत नागरिक दंड का प्रावधान हो सकता है. राज्य अटॉर्नी जनरल को भी कार्रवाई का अधिकार देने का प्रस्ताव है.

News/Media Alliance की अध्यक्ष Danielle Coffey ने कहा है कि प्रकाशक ऐसे बॉट ट्रैफिक से जूझ रहे हैं और मौजूदा तकनीकी उपाय पर्याप्त नहीं हैं. Hearst Magazines की अध्यक्ष Debi Chirichella ने प्रस्ताव को “क्लीन इंटरनेट” की दिशा में कदम बताया. Condé Nast के CEO Roger Lynch ने आरोप लगाया कि एआई कंपनियां बिना जवाबदेही के छिपे हुए बॉट्स के जरिए मूल पत्रकारिता को स्क्रैप कर रही हैं.

यह मांग ऐसे समय उठी है जब कई प्रकाशक एआई कंपनियों के साथ लाइसेंसिंग समझौते भी कर चुके हैं. Condé Nast ने 2024 में OpenAI के साथ बहुवर्षीय साझेदारी की थी. Associated Press, The Atlantic, TIME, The Guardian, Axios, Washington Post, People Inc. और USA Today Co. समेत अन्य संस्थानों ने भी एआई प्रशिक्षण या सर्च के लिए अपनी सामग्री से जुड़े समझौते किए हैं.

विधेयक अभी प्रस्ताव के स्तर पर है. इसका अंतिम प्रभाव इस बात पर निर्भर करेगा कि कांग्रेस इसे किस रूप में पारित करती है और नियामक एजेंसियां नियमों को कैसे लागू करती हैं.