स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने डार्क वेब पर उपलब्ध डेटा के एक सेट की शुरुआती जांच में 3,897 ग्राहक रिकॉर्ड में व्यक्तिगत पहचान संबंधी जानकारी मिलने की बात कही है. बैंक के अनुसार, यह आकलन करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद सामने आया है.

SBI को 16 अक्टूबर को अपने थ्रेट इंटेलिजेंस सेवा प्रदाता, डिफेंस साइबर एजेंसी और भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) से इस संभावित डेटा एक्सपोजर के संबंध में सूचना मिली थी. इसके बाद बैंक ने विस्तृत जांच शुरू की.

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, संबंधित रिकॉर्ड में नाम, पंजीकृत मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, ईमेल, आवासीय पता, लिंग, CIF और लोन अथवा लीड रिकॉर्ड से जुड़ी कुछ जानकारी शामिल हो सकती है. बैंक ने कहा है कि डेटा की प्रामाणिकता, स्रोत और एक्सपोजर की वास्तविक सीमा का आकलन अभी किया जा रहा है.

SBI ने एक CERT-In सूचीबद्ध स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को जांच के लिए नियुक्त किया है. बैंक का कहना है कि इस घटना का उसकी मुख्य व्यावसायिक सेवाओं, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबार की निरंतरता पर कोई महत्वपूर्ण असर नहीं पड़ा है.

ग्राहकों के लिए सावधानी

ग्राहकों को अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए. OTP, PIN, पासवर्ड या कार्ड विवरण किसी व्यक्ति को न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर केवल बैंक के आधिकारिक माध्यमों से संपर्क करें.