भारत की स्काईरूट एयरोस्पेस और अमेरिकी स्पेस टेक्नोलॉजी स्टार्टअप रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल ने दो सैटेलाइट लॉन्च के लिए समझौता किया है. रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल की योजना पृथ्वी की कक्षा में बड़े शीशे लगाने की है, जो सूर्य की रोशनी को चुनिंदा स्थानों की ओर परावर्तित कर सकें.

कंपनियों के मुताबिक, इस तकनीक का इस्तेमाल आपदा प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियानों के दौरान रोशनी देने के लिए किया जा सकता है. दूरदराज के औद्योगिक क्षेत्रों में काम के घंटे बढ़ाने और सोलर फार्म में बिजली उत्पादन की अवधि बढ़ाने की संभावना भी बताई गई है.

पांच किलोमीटर तक रोशनी देने का लक्ष्य

रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल को जुलाई में अमेरिकी फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन से एक प्रदर्शन सैटेलाइट बनाने, लॉन्च करने और संचालित करने की मंजूरी मिलने की बात कही गई है. कंपनी ऐसी रोशनी विकसित करना चाहती है जिसे मांग के अनुसार चालू या बंद किया जा सके और जिसकी चमक बदली जा सके. प्रस्तावित रोशनी करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र में फैलने का दावा है.

समझौते के तहत पहला लॉन्च विक्रम-1 रॉकेट से और दूसरा स्काईरूट के विक्रम-1U लॉन्च व्हीकल से किया जाएगा. कंपनी के अनुसार, विक्रम-1U के पहले चरण में अतिरिक्त बूस्टर लगाए गए हैं.

रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल के CEO बेन नोवैक और स्काईरूट के CEO पवन चंदाना ने इस साझेदारी को अंतरिक्ष तक पहुंच और नई अंतरिक्ष सेवाओं के विस्तार से जुड़ा बताया है.

योजना पर पर्यावरणीय चिंताएं

कई पर्यावरण संगठनों ने प्रदर्शन सैटेलाइट की मंजूरी रद्द करने की मांग की है. उनका कहना है कि रात में तेज कृत्रिम रोशनी से वन्यजीव प्रभावित हो सकते हैं और खगोलीय अनुसंधान में बाधा आ सकती है. मानव जैविक दिनचर्या पर संभावित असर को लेकर भी चिंता जताई गई है.

कक्षा से सूर्य की रोशनी परावर्तित करने का प्रयोग 1993 में रूस के ज़नाम्या मिशन के तहत भी किया गया था. उस मिशन में करीब 65 फीट लंबा शीशा इस्तेमाल किया गया था, लेकिन वित्तीय समस्याओं के कारण प्रयोग बंद हो गया.