खराब इंटरनेट, कमरे की लाइट ठीक कराने में देरी, खाने की समस्या और सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं कॉलेज हॉस्टल में रहने वाले छात्रों की आम परेशानियां हैं. इन्हीं समस्याओं को डिजिटल तरीके से हल करने के विचार से माधवी शंकर ने कैंपस मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म SpaceBasic शुरू किया. कंपनी के मुताबिक, उसका प्लेटफॉर्म 100 से ज्यादा यूनिवर्सिटी और संस्थानों में इस्तेमाल हो रहा है और इससे 5 लाख से अधिक छात्र व एडमिनिस्ट्रेटर्स जुड़े हैं.
ऑस्ट्रेलिया से मिला बिजनेस आइडिया
बेंगलुरु से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली माधवी आगे की शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया के सिडनी गई थीं. वहां उन्होंने देखा कि यूनिवर्सिटी से जुड़ी रोजमर्रा की कई सुविधाएं डिजिटल सिस्टम के जरिए संचालित होती हैं. रहने की जगह, पैसों के प्रबंधन, यूनिवर्सिटी गतिविधियों और अन्य सेवाओं से जुड़े काम ऑनलाइन किए जा सकते थे.
ऑस्ट्रेलिया में एक शुरुआती टेक्नोलॉजी कंपनी में काम करने के दौरान उन्हें यह समझ मिली कि तकनीक का इस्तेमाल वास्तविक समस्याओं को हल करने के लिए कैसे किया जा सकता है. भारत लौटने के बाद उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में काम करने का फैसला किया.
माधवी और उनके को-फाउंडर ने करीब एक साल तक छात्रों, हॉस्टल स्टाफ और यूनिवर्सिटी अधिकारियों से बातचीत की. इस दौरान सामने आया कि कमरे आवंटित करने, मेस संचालन, मेंटेनेंस, सुरक्षा और शिकायतों से जुड़े कई काम अब भी रजिस्टर, स्प्रेडशीट और फोन कॉल के जरिए किए जाते हैं.
एक प्लेटफॉर्म पर हॉस्टल और कैंपस सेवाएं
SpaceBasic के प्लेटफॉर्म पर छात्र रजिस्ट्रेशन, कमरा आवंटन, मेस और खाने का प्रबंधन, मेंटेनेंस शिकायत, भुगतान, एंट्री और घोषणाओं जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. उदाहरण के तौर पर, कमरे की लाइट खराब होने पर छात्र ऐप से शिकायत दर्ज कर सकता है और उसी पर उसकी स्थिति देख सकता है. प्रशासन लंबित शिकायतों और बार-बार सामने आ रही समस्याओं की निगरानी कर सकता है.
माधवी हॉस्टल को केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि घर से दूर रह रहे छात्र के रोजमर्रा के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा मानती हैं. उनके अनुसार, सुरक्षा, साफ-सफाई, भोजन, फायर सेफ्टी, क्षमता और आपातकालीन व्यवस्था के लिए न्यूनतम मानक और स्पष्ट जवाबदेही जरूरी है.
AI से मेस और मेंटेनेंस प्रबंधन की योजना
शुरुआत में SpaceBasic का लक्ष्य कागजी प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाना था. अब कंपनी यूनिवर्सिटी के साथ AI और डेटा के इस्तेमाल पर भी काम कर रही है. इसके जरिए खाने की मांग का अनुमान लगाने, मेस में भोजन की बर्बादी घटाने, खाली कमरों का बेहतर उपयोग करने और मेंटेनेंस संबंधी समस्याओं की पहले पहचान करने की योजना है.
माधवी के मुताबिक, तकनीक तैयार करना अपेक्षाकृत आसान है, लेकिन छात्रों, वार्डन, वित्त, सुरक्षा और मेंटेनेंस टीमों को नए डिजिटल तरीके से काम करने के लिए तैयार करना बड़ी चुनौती है. उन्हें Forbes Asia की 30 Under 30 सूची में भी जगह मिल चुकी है. उनका लक्ष्य SpaceBasic को प्रमुख स्टूडेंट एक्सपीरियंस प्लेटफॉर्म बनाना है.
