दूरदराज और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले Starlink यूजर्स के लिए अब लैंडलाइन फोन सेवा उपलब्ध कराने की योजना है. टेलीकम्युनिकेशंस कंपनी Ooma ने Starlink के साथ साझेदारी की घोषणा करते हुए इस सेवा का नाम Ooma StarDial बताया है.

कंपनी के मुताबिक, StarDial Starlink इंटरनेट कनेक्शन के जरिए फोन कॉल की सुविधा देगा. इसका उद्देश्य उन जगहों पर घरेलू फोन सेवा उपलब्ध कराना है जहां मोबाइल नेटवर्क या पारंपरिक इंटरनेट कनेक्शन भरोसेमंद नहीं हैं.

सेवा के लिए बेस स्टेशन और हैंडसेट की कीमत 129.99 डॉलर रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में 11 हजार रुपये से अधिक होती है. Ooma के अनुसार, इसके बाद कोई मासिक सेवा शुल्क नहीं लिया जाएगा. हालांकि, कंपनी की वेबसाइट पर टैक्स और अन्य फीस लागू होने की बात कही गई है, लेकिन उनकी राशि स्पष्ट नहीं बताई गई है.

StarDial में देशभर में अनलिमिटेड कॉलिंग, 911 सेवा, Caller ID, Call Waiting और Voicemail जैसी सुविधाएं शामिल होंगी. Ooma का कहना है कि ज्यादातर ग्राहक अपना मौजूदा फोन नंबर भी बरकरार रख सकेंगे.

कंपनी ने बताया कि यह सेवा उन केबिन, RV, कैंपर, वैन और नावों में भी इस्तेमाल की जा सकती है जहां लोग रहते हैं. Ooma के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिम गुस्टके ने कहा कि Starlink पर निर्भर उपभोक्ताओं को ऐसे इलाकों में सरल और किफायती घरेलू फोन विकल्प की जरूरत है, जहां पारंपरिक कनेक्टिविटी सीमित है.