तमिलनाडु सरकार ने ‘Tamil Nadu Semiconductor Ecosystem Scheme 2026’ शुरू की है. इसका उद्देश्य राज्य में सेमीकंडक्टर उद्योग की पूरी मूल्य-श्रृंखला में निवेश को बढ़ावा देना है. योजना के दायरे में चिप डिजाइन, निर्माण, असेंबली, टेस्टिंग, पैकेजिंग, उपकरण, सामग्री तथा अनुसंधान एवं विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं.
योजना में दो तरह के प्रोत्साहन रखे गए हैं. पहला, केंद्र सरकार के Semicon 2.0 कार्यक्रम के तहत मंजूर परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त राज्य सहायता का है. ऐसी परियोजनाओं को केंद्र से स्वीकृत पात्र पूंजीगत व्यय पर श्रेणी के अनुसार 15% से 25% तक निवेश प्रोत्साहन सब्सिडी मिल सकती है.
दूसरे प्रावधान के तहत उन पात्र निवेश प्रस्तावों को विशेष सहायता देने की बात कही गई है जो केंद्रीय कार्यक्रम में शामिल न हों, लेकिन तमिलनाडु के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के लिए रणनीतिक महत्व रखते हों.
राज्य सरकार का लक्ष्य उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए निवेश-अनुकूल ढांचा तैयार करना है. केंद्र का Semicon 2.0 कार्यक्रम डिजाइन, मशीनरी व सामग्री, फैब, उन्नत पैकेजिंग, अनुसंधान और कौशल विकास सहित चिप आपूर्ति-श्रृंखला के कई हिस्सों पर केंद्रित है.
