भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल (CERT-In) ने Tata Motors की iRA 2.0 और iRA.ev ऐप्स में चार गंभीर साइबर सुरक्षा कमजोरियों की पहचान की है. एजेंसी के मुताबिक इन खामियों का फायदा उठाकर हमलावर संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं, कार मालिक की पहचान की नकल कर सकते हैं या बिना अनुमति ऐप डेटा में बदलाव कर सकते हैं.
CERT-In की एडवाइजरी में iRA 2.0 के 26.7.3 और उससे पुराने वर्जन तथा iRA.ev के 26.7.2 और उससे पुराने वर्जन को प्रभावित बताया गया है. एजेंसी ने यूजर्स को ऐप का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी है. इस्तेमाल किया जा रहा वर्जन Google Play Store या Apple App Store में ऐप के पेज पर देखा जा सकता है.
किन ऐप्स और फीचर्स पर असर
iRA 2.0 Tata Motors की पेट्रोल-डीजल यानी ICE कारों के लिए है, जबकि iRA.ev इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ इस्तेमाल की जाती है. ये ऐप्स रिमोट व्हीकल कमांड, वाहन की लोकेशन और ट्रिप की जानकारी, कार की स्थिति व हेल्थ मॉनिटरिंग तथा ईंधन या बैटरी से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराती हैं.
कमजोरियां सीधे वाहनों में नहीं, बल्कि इन connected apps में बताई गई हैं. iRA 2.0 को Tata Curvv के लॉन्च के साथ अगस्त 2024 में पेश किया गया था. इसके साथ नए ICE मॉडल, जैसे Tata Sierra, काम करते हैं और कुछ पुराने मॉडल को भी मूल iRA ऐप से धीरे-धीरे इस ऐप पर माइग्रेट किया गया है. iRA.ev को Curvv.ev के साथ जारी किया गया था.
CERT-In ने किन खामियों का उल्लेख किया
एडवाइजरी के अनुसार, दोनों ऐप्स के कोड में service account के पासवर्ड और tokens embedded पाए गए. इससे backend services तक अनधिकृत पहुंच या संवेदनशील जानकारी हासिल करने का जोखिम बन सकता है.
दूसरी खामी WebView में URL validation से जुड़ी है. यदि ऐप किसी संदिग्ध लिंक को पर्याप्त जांच के बिना खोलता है, तो यूजर की जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा सकती है. तीसरी समस्या development और debugging logs में authentication tokens दर्ज होने की है. इन logs तक पहुंच रखने वाला हमलावर session tokens का दुरुपयोग कर सकता है.
चौथी कमजोरी SSL certificate pinning के गलत implementation से जुड़ी है, जिससे ऐप और backend services के बीच नेटवर्क ट्रैफिक को intercept करने का जोखिम बताया गया है. CERT-In के अनुसार इन कमजोरियों की जानकारी Pranav Rajendran ने दी थी.
