टेलीकॉम इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TEMA) और साइबर सिक्योरिटी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CSAI) ने केंद्र सरकार से देश में बने साइबर सुरक्षा उत्पादों और सेवाओं की राष्ट्रीय डायरेक्टरी तैयार कराने का आग्रह किया है. यह प्रस्ताव उनके प्री-बजट सुझावों का हिस्सा है.

दोनों संगठनों के अनुसार, इस सूची में स्वदेशी साइबर सुरक्षा सॉफ्टवेयर, दूरसंचार उपकरण और संबंधित तकनीकी सेवाओं को शामिल किया जा सकता है. इसका उद्देश्य सरकारी संस्थानों और अन्य खरीदारों को भारतीय विकल्पों की पहचान में मदद देना है. CSAI और TEMA ने इस डायरेक्टरी के लिए सरकार से वित्तीय सहायता के बजाय गैर-वित्तीय सहयोग मांगा है.

संगठनों ने National Cyber Security Policy, 2013 को अपडेट कर नई साइबर नीति लाने की मांग भी की. सुझावों में तेज और समन्वित incident response, field validation, अलग-अलग प्रणालियों के बीच interoperability और गुणवत्ता आधारित खरीद को प्राथमिकता देने की बात कही गई है.

TEMA और CSAI ने ransomware, phishing, चोरी की पहचान और malware जैसे साइबर अपराधों के संगठित कारोबार तथा AI से हमलों के अधिक जटिल होने पर चिंता जताई. हालांकि, प्रस्तावित डायरेक्टरी या नई नीति अभी सरकारी रूप से लागू नहीं हुई है.