अमेरिकी रक्षा विभाग निजी रॉकेट कंपनियों को वित्तीय समर्थन देकर देश की लॉन्च क्षमता मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब SpaceX के Falcon रॉकेट कार्यक्रम को धीरे-धीरे बंद किए जाने की संभावना से भविष्य की प्रक्षेपण आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है.
रक्षा विभाग के Office of Strategic Capital (OSC) ने दो हफ्तों के भीतर दो लॉन्च कंपनियों के लिए 150-150 मिलियन डॉलर के सशर्त ऋण की घोषणा की. 26 अक्टूबर को Stoke Space के लिए 150 मिलियन डॉलर के ऋण प्रतिबद्धता की जानकारी दी गई. इसके बाद मंगलवार को Rocket Lab के लिए भी 150 मिलियन डॉलर के पेंटागन ऋण की घोषणा की गई.
Stoke Space और Rocket Lab, OSC से महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता पाने वाली पहली दो लॉन्च कंपनियां हैं. यह कार्यालय 2022 में उन कंपनियों को पूंजी उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया था, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण तकनीक विकसित कर रही हैं.
हाल के हफ्तों में OSC ने बैटरी, ड्रोन और सेमीकंडक्टर क्षेत्र की कंपनियों के लिए भी करोड़ों डॉलर की प्रतिबद्धताएं की हैं. अंतरिक्ष क्षेत्र में कार्यालय ने वाणिज्यिक सैटेलाइट-ट्रैकिंग कंपनी LeoLabs को रडार इकाइयों के उत्पादन और तैनाती के लिए 150 मिलियन डॉलर का ऋण दिया है.
अमेरिकी सैन्य अधिकारियों के अनुसार, लॉन्च क्षमता फिलहाल बेहद सीमित है. ऐसे में निजी कंपनियों को समर्थन देना वैकल्पिक प्रक्षेपण क्षमता तैयार करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
