भारतीय टेक ब्रांड Wobble ने अपने नए स्मार्टफोन Speed 5G का पहला टीजर जारी किया है. यह कंपनी का भारत में दूसरा स्मार्टफोन होगा और इसे 20 हजार रुपये से कम कीमत वाले सेगमेंट में पेश किए जाने की उम्मीद है. कंपनी ने अभी इसकी सटीक लॉन्च तारीख घोषित नहीं की है.

टीजर के अनुसार, Wobble Speed 5G में फ्लैट रियर पैनल और सर्कुलर कैमरा मॉड्यूल दिया जाएगा. इस मॉड्यूल में डुअल रियर कैमरा और LED फ्लैश नजर आता है. फोन का एक रेड कलर वेरिएंट भी सामने आया है. पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल दायीं तरफ दिए गए हैं, जबकि चार्जिंग और डेटा ट्रांसफर के लिए USB Type-C पोर्ट मिलने की जानकारी सामने आई है.

कंपनी ने फोन की स्क्रीन, प्रोसेसर, बैटरी क्षमता, कैमरा सेंसर और बिक्री की तारीख से जुड़ी पूरी जानकारी अभी साझा नहीं की है. Wobble का कहना है कि Speed 5G में कैमरा, डिस्प्ले, प्रोसेसिंग परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ पर ध्यान दिया जाएगा.

यह फोन Wobble One 5G के बाद कंपनी का दूसरा मॉडल होगा. Wobble One को नवंबर 2025 में 22 हजार रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था. नए मॉडल की आधिकारिक कीमत और लॉन्च डेट की घोषणा का इंतजार है.