उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट कारोबारी के घर से 22 लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण और नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान ग्राम सीरवासुचंद निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है.
मामला ग्राम कासमपुर गढ़ी का है, जहां रेस्टोरेंट कारोबारी कृष्ण मोहन गुप्ता का घर है. पुलिस के अनुसार, कैफ कई वर्षों से उनके यहां काम करता था और उसका घर पर नियमित आना-जाना था. 26 अक्टूबर की रात घर की सेफ से 15 तोले से अधिक सोने के आभूषण, चांदी के जेवर और 76 हजार रुपये गायब मिले. इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी.
CCTV फुटेज से सामने आई पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. पुलिस के मुताबिक, फुटेज में एक युवक पेड़ के सहारे घर में दाखिल होता दिखाई दिया. परिवार को फुटेज दिखाए जाने पर युवक की पहचान मोहम्मद कैफ के तौर पर हुई. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की.
पुलिस का कहना है कि कैफ को घर की व्यवस्था और सेफ की जानकारी थी. जांच के मुताबिक, सेफ में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ रेस्टोरेंट की दिनभर की आमदनी भी रखी जाती थी. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 76 हजार रुपये और चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद करने का दावा किया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी को जेल भेज दिया गया है. मामले में पुलिस ने लोगों से घरेलू नौकरों और कर्मचारियों का सत्यापन कराने की अपील की है.
