आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह कंटेनर और डंपर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की मौत हो गई, जबकि कंटेनर चालक और बाइक सवार दो युवक घायल हुए हैं. घटना खंदौली थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 36 किलोमीटर दूर हुई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ. टक्कर के बाद तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर में दोनों वाहनों से ऊंची लपटें उठने लगीं. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
डंपर चालक और क्लीनर आग लगने के बाद वाहन के अंदर फंस गए. दोनों के शव सीट से चिपकी हालत में मिले. उनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है. दूसरी ओर, कंटेनर चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसके पैर और सिर में चोट आई है. घायल बाइक सवारों की पहचान खंदौली के नगला जालिम निवासी सुमित सिंह और सीटू के रूप में बताई गई है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, डंपर चालक को झपकी आने के कारण उसने अचानक ब्रेक लगाया. पीछे चल रही बाइक डंपर से टकरा गई. इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर की डंपर से भिड़ंत हो गई और आग फैल गई.
कंटेनर चालक शिवराम के अनुसार, वह चंदौसी से गुजरात जा रहा था. डंपर अचानक सामने आने पर उसने ब्रेक लगाकर वाहन मोड़ने की कोशिश की, लेकिन टक्कर हो गई. आग बढ़ने से पहले वह नीचे कूद गया.
हादसे के बाद हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया.
