उत्तर प्रदेश के आगरा में जुए की सूचना पर पुलिस की दबिश के दौरान तीसरी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई. घटना रकाबगंज थाना क्षेत्र के रावली इलाके की है. मृतक की पहचान ललित के रूप में हुई है. वह एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के तौर पर काम करता था.
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे रावली में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी. टीम के मौके पर पहुंचने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान ललित तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई.
मृतक के पिता चंदन राजपूत ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और पैसे नहीं देने पर ललित को छत से नीचे फेंकने का आरोप लगाया है. परिवार का यह भी आरोप है कि घायल होने के बाद पुलिसकर्मी उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से चले गए. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
ललित की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर हंगामा किया और जाम लगा दिया. सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. विधायक जीएस धर्मेश ने भी परिजनों से मुलाकात की और न्याय का आश्वासन दिया.
DCP सिटी रविंद्र कुमार के मुताबिक, पुलिस टीम जुए की सूचना पर पहुंची थी और ललित भागने के दौरान छत से कूद गया था. उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की जांच ACP छत्ता को सौंपी गई है. मामले में सिपाही शिवम राठी और आकाश शर्मा को निलंबित कर दिया गया है. जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्य स्पष्ट होंगे.
